शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव जारी, धार्मिक अनुष्ठानों में जुटे श्रद्धालु
सुसनेर। नगर में डाक बंगले के समीप, परसुलिया रोड स्थित पुष्पशक्ति विहार कॉलोनी के श्री गौरीशंकर महादेव मंदिर में नवनिर्मित शिवजी के मंदिर का कार्य पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। बुधवार, 8 जुलाई 2026 से शुरू हुए इस पांच दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक और वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं। पंडित वेदप्रकाश भट्ट एवं पंडित गोविंद शर्मा के सानिध्य में आयोजित हो रहे इस महोत्सव के दूसरे दिन सुबह से ही यज्ञशाला में मंत्रोच्चार और आहुतियों का दौर जारी रहा । शिव परिवार की नूतन प्रतिमाओं के विशेष पूजन विधान किए जा रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में पुष्पशक्ति विहार कॉलोनी सहित सुसनेर नगर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर दर्शन और सेवा का पुण्य लाभ ले रहे हैं। गुरुवार को पांच जोड़ों के माध्यम से मंत्रोच्चार के बीच हवन में करीब 15000 आहुतियां दी गई। मंदिर समिति के आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य और अंतिम आयोजन 12 जुलाई 2026, रविवार को होगा। इस दिन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, पूणार्हुति एवं महाआरती संपन्न होगी। इसके पश्चात् दोपहर 3 बजे से महादेव के भव्य दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे। मंदिर समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर दर्शन का पुण्य लाभ लेने की विनम्र अपील की है।