मानसून से पहले जलभराव रोकने के लिए शुरू हुआ सफाई अभियान

शाजापुर। आगामी मानसून को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने शहर की नालियों की सफाई का कार्य किया। सफाई के इस विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को नगर के मुख्य मार्ग बस स्टैंड से लेकर नई सड़क चौक तक की बड़ी नालियों को साफ करने का कार्य प्रमुखता से किया गया। इस काम में केवल सफाईकर्मियों की टीम ही नहीं, बल्कि मशीनों का भी भरपूर उपयोग किया जा रहा है। जहां नालियां गहरी और बुरी तरह जाम हैं, वहां जेसीबी मशीन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद ली जा रही है। फायर गाड़ी के तेज पानी के प्रेशर से नालियों में जमा सालों की गंदगी को बाहर निकाला गया, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। यह संपूर्ण स्वच्छता अभियान सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित, नपा अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी और स्वास्थ्य सभापति दुष्यंत सोनी के निर्देशन में चलाया जा रहा है। नगर पालिका के स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय पारछे, धर्मेंद्र टाक ने बताया कि आमजन को बारिश में कोई परेशानी न हो, इसके लिए शहर के उन स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है जहां अक्सर जलभराव होता है। इसी क्रम में बस स्टैंड से नई सड़क, आजाद चौक, वार्ड नंबर 24 का मुख्य नाला और वार्ड नंबर 28 स्थित काशी नगर के नाले सहित अन्य क्षेत्रों में सघन सफाई की गई।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment