उल्लास कार्यक्रम के तहत घर-घर सर्वे शुरू, निरक्षरों को साक्षर बनाने की कवायद तेज

शाजापुर। जिले में शिक्षा का अलख जगाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक साक्षरता पहुंचाने के उद्देश्य से उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का आगाज हो चुका है। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के निदेर्शानुसार शाजापुर जिले में 1 जुलाई से 15 जुलाई तक असाक्षरों की पहचान के लिए डोर-टू-डोर (घर-घर) सर्वे का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशन में विकासखंड शाजापुर में सर्वे की तैयारियों को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद शिक्षा केंद्र, शाजापुर में विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में जनशिक्षकों, संकुल प्राचार्यों और वार्ड प्रभारियों को सर्वे प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। आरसीसी योगेश भावसार के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड साक्षरता समन्वयक लोकेश राठौर ने सर्वे प्रपत्र भरने और सूचनाएं संकलित करने की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही जिला साक्षरता समन्वयक जगदीश भावसार ने मौजूद अमले को सामाजिक चेतना केंद्रों के प्रभावी संचालन और असाक्षरों के पठन-पाठन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सर्वे से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना टीम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment