उज्जैन। सूने मकान में हुई 40 लाख की चोरी को ताला-चाबी बनाने वाले सिकलीगरों ने अंजाम दिया था। सात दिनों की तलाश के बाद एक को हिरासत में लिया गया है। 2 साथी फरार है, जिनकी तलाश जारी है। तीनों ने दिन में रैकी करने के बाद रात को ताला तोड़कर अंजाम दिया था। नागदा थाना क्षेत्र के सुनील नगर में रहने वाले प्रापर्टी करोबारी मोहम्मद आजाद मंसूरी के मकान में 14-15 जून की रात बड़ी चोरी की वारदात हो गई थी। मामले में पुलिस ने पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसआईटी गठित की गई और थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी को कमान सौंपी गई। एसआईटी में शामिल एसआई विरेन्द्र चौहान, योगिता उपाध्यास, एएसआई अरविंद गनावा, प्रधान आरक्षक विनोद माली सुशील मिश्रा, रोहित मालवीय, आरक्षक कृष्णा बैरागी, मिथुन प्रजापत, रोहित, शेरसिंह, पंकज गर्ग, संदीप ने नागदा कस्बे के साथ उज्जैन, खाचरौद, इंदौर, महिदपुर हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों को 6 दिनों तक खंगाला और सातवे दिन चोरी में शामिल एक आरोपी रतलामसिंह उर्फ रत्तु निवासी ग्राम सिगनुर जिला खरगोन को सनावद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथी दिपक सिकलीगर और शिवराज पिता हरपाल निवासी गंधवानी धार के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया। थाना प्रभारी गवरी के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद सनावद के ग्राम इनपुन पुनर्वास में छुपाकर रखे 6 लाख कीमत के आभूषण और 70 हजार रूपये नगद बरामद किये गये है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 7 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। वहीं दोनों फरार साथियों की तलाश की जा रही है।
बाइक से आये थे, आपास में किया बंटवारा
40 लाख की चोरी में रिमांड पर चल रहे आरोपी रतलामसिंह ने पूछताछ में बताया कि तीनों बाइक से नागदा पहुंचे थे। वह ताला-चाबी बनाने का काम करते है। दिन में सूने मकानों की रैकी करते है और रात में वारदात को अंजाम देते है। ताला तोड़ना और खोलना उन्हे आता है। रैकी के दौरान मकान सूना दिखाई दिया था। रात 3 बजे वारदात करने पहुंचे और कुछ मिनटों में ही वारदात कर भाग निकले थे। उसके बाद सनावद पहुंचकर चोरी के माल का आपस में बंटवारा कर लिया था। चोरी का शेष माल दोनों फरार साथियों के पास है।
शहर से बाहर गया था कारोबारी का परिवार
थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि वारदात के बाद सामने आया कि प्रापर्टी कारोबारी की पत्नी और बच्चे ईद मनाने के लिये कुछ दिनों से ननिहाल गये थे। मोहम्मद आजाद घर पर अकेला था। वह भी काम के सिलसिले में एक दिन के बाहर चला गया था। 15 जून को सुबह वापस लौटने पर चोरी का मामला सामने आया था। वारदात सामने आने के बाद पुलिस टीम के साथ फिंगर प्रिंट प्रभारी आशा सोलंकी के साथ डॉग स्क्वाड़ टीम मौके पर पहुंची थी।
ताला-चाबी बनाने वालों ने उड़ाया था 40 लाख का माल -रैकी के बाद रात को दिया था अंजाम, एक हिरासत में, 2 की तलाश