यादव ट्रेवल्स की बस ने बाइक सवारों को कुचला -गोरनी के कार्यक्रम में जा रहे एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

उज्जैन। बड़नगर मार्ग पर सोमवार दोपहर यादव ट्रेवल्स की बस ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को कुचल दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल हुआ है। बाइकों के पीछे ही रिश्तेदार आ रहे थे, उन्होने दुर्घटना देखी और दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि दोपहर में उज्जैन-बड़नगर के बीच चलने वाली बीके यादव ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 13 पी 4333 ने बाइक सवार 2 ग्रामीणों को कुचल दिया। दुर्घटना में एक की मौके पर मौत हो गई। दूसरे का उपचार के लिये रिश्तेदार अस्पताल लेकर पहुंचे। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल मौके पर पहुंच गई थी। मृतक का नाम देवराज पिता रामलाल चौधरी 45 साल निवासी ग्राम मतागंना चिकली सामने आया। घायल मृतक की बुआ का लड़का आत्माराम पिता भागीरथ 65 साल है। परिजनों ने बताया कि दोनों एक बाइक पर सवार होकर ग्राम अजनोटी यशवंत सागर के पास इंदौर गोरनी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। देवराज का छोटा भाई मुकेश रिश्तेदारों के साथ पीछे बाइक से आ रहा था। थाना प्रभारी व्यास के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला था। बस जप्त कर चालक की तलाश की जा रही है।
2 दिन में 4 लोगों ने गवांई जान
सड़क दुर्घटना के मामले लगातार सामने आ रहे है। 2 दिन में 4 लोग अपनी जान गवां चुके है। रविवार को मोहनपुरा ब्रिज के पास तूफान ने मुरलीपुरा के रहने वाले 2 दोस्तों विक्रम बैरागी और किशन बोरासी को कुचल दिया था। दोनों की मौके पर मौत हुई थी। वहीं सोमवार सुबह नरवर में डंपर चालक ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचल दिया था। एक युवक के दोनों पैर पूरी तरह से कटकर अलग हो गये थे। जिसका नाम धर्मेन्द्र पिता शंकालाल सामने आया था, उसने मौके पर दम तोड़ दिया था। उसके 2 साथी रोशन पिता देवीलाल और कालू पिता रामप्रसाद गंभीर घायल हुए है। तीनों नरवर के रहने वाले थे ओर सेटिंग का काम करते थे। वहीं सोमवार दोपहर बड़नगर-उज्जैन मार्ग पर दुर्घटना में एक की मौत हुई है और दूसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment