श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के बाहए एवं अंदर दोनों और बाधा ही बाधा श्रद्धालु दर्शन में बाधक बने मांगने वाले और सुरक्षाकर्मी -फिर विवादित विडियो बना,पुष्पा के ड्रेसअप में युवक ने किए दर्शन

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रवेश को लेकर मंदिर परिसर के बाहर एवं अंदर दोनों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड रहा है। परिसर के बाहर मांगने वालों के कारण श्रद्धालु परेशान है। ये मांगने वाले श्रद्धालुओं के कपडे तक खींचने से बाज नहीं आ रहे हैं। अंदर शाम 6 बजे बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षाकर्मी जूना महाकाल एवं बाबा बाल हनुमान क्षेत्र में नहीं जाने दे रहे हैं। मंदिर में एक बार फिर विवादित विडियो का मामला सामने आया है। एक युवक ने पुष्पा के ड्रेसअप में भगवान के दर्शन किए हैं और उसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिला है।

भगवान के मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं का मन मंदिर के बाहर ही आहत हो रहा है। दान के लिए श्रद्धालुओं के साथ जबरदस्ती की जा रही है। यहां तक की उनके कपडे तक खींचे जा रहे हैं और नहीं देने पर बद्दुआएं दी जा रही है। परिसर के अंदर श्रद्धालुओं को जूना महाकाल क्षेत्र में जाने से रोका जा रहा है। शाम होते ही यह व्यवस्था किसके आदेश से पालन की जा रही है कोई बताने वाला नहीं है लेकिन सुरक्षाकर्मी इस आदेश का हवाला देकर श्रद्धालुओं को रोक देते हैं और उन्हें आहत कर रहे हैं।

दान का गौरखधंधा पनपा-

महाकाल मंदिर गेट नम्बर एक से लेकर महाकाल थाने तक विशेष तौर पर डेरे से जुडी महिलाएं और बच्चे आटा दाल दान के नाम पर आतंक फैला रहे हैं। यहां तक की श्रद्धालुओं से विवाद तक कर रहे हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालु इनके आतंक में फंसकर इन्हें आटा-दाल दान करने को मजबूर हो रहे हैं। इनका इतना आतंक है कि ये यात्रियों की जेब में हाथ डालने से भी नहीं चूक रहे हैं। जबरदस्ती आटा दाल दान के नाम पर बदसलूकी की जा रही है यहां तक की गंदी गालिया दी जाती है। आटा दाल नहीं दिलाने पर यात्रियों के मुँह में गंदे हाथ तक डाले जा रहें है। कुछ स्थानीय दुकानदार इनकी इस प्रक्रिया को सहयोग कर रहे हैं और आटा दाल के पैकेट टेबल पर रख कर उन्हें यात्रियों को 250/- रूपए में दिया जाता है। खास तो यह है कि वही पैकेट दुकानदार को रूपए 150/-में वापस यही लोग बेच रहे हैं। इस रोटेशन में दुकानदार और ये मांगने वाले अच्छी खासी कमाई कर रहे हैं। यात्रियों को दान के नाम पर मुर्ख बनाते हुए आहत किया जा रहा है।मंदिर परिसर के बाहरी हिस्से में लगे सीसी टीवी में इनके आए दिन के मामले रेकार्ड से लिए जा सकते हैं। अगर कोई श्रद्धालु इनसे उलझता है तो ये तत्काल कुछ पुरूषों को बुलाकर उससे अभद्रता में भी पीछे नहीं रहते हैं।

रोक से जूना महाकाल के दर्शन दुर्लभ-

मंदिर परिसर के अंदर शाम के समय सुरक्षाकर्मियों की वजह से जूना महाकाल एवं बाबा बाल हनुमान के दर्शनों की व्यवस्था में बाधा पैदा हो रही है। पिछले कुछ दिनों से शाम को इस क्षेत्र में दर्शन के लिए जाने वाले स्थानीय श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है। सुरक्षाकर्मी उन्हें इस क्षेत्र में जाने पर रोक रहे हैं और कहा जा रहा है कि मंदिर समिति के अधिकारियों के आदेश पर ऐसा किया जा रहा है। आदेश किसने जारी किया है इसका हवाला वे नहीं देते हैं। उल्टा संबंधित श्रद्धालु को आदेशित किया जाता है कि वे ही मंदिर प्रबंध समिति से इस क्षेत्र में जूना महाकाल एवं बाबा बाल हनुमान के दर्शन के लिए आदेश लेकर आएं। सुरक्षा कर्मियों के रवैये से जूना महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु बराबर आहत हो रहे हैं।

पुष्पा’ के मेकअप में दर्शन किए युवक ने, विडियो बनाया –

मंदिर में एक बार फिर विडियो विवाद गहराया है। हाल ही में एक युवक-युवती ने गणेश मंडपम में पहुंचकर सगाई की थी और एक दुसरे को रिंग पहनाई थी। बगैर अनुमति इसकी विडियो बनाकर बाद में सोश्यल मिडिया पर वायरल किया गया था। इस मामले में मंदिर समिति के कर्मचारियों पर एक्शन लिया गया था। मंदिर परिसर में फोटोग्राफी पर प्रतिबंध होने के बावजूद दो दिन पहले एक युवक पुष्पा फिल्म के हीरो अल्लू अर्जुन की तरह साड़ी-ब्लाउज पहनकर, पैरों में पायल, गले में नींबू की माला और हार, कानों में टॉप्स, नाक में नथनी और हाथों में चूड़ियां पहनकर दर्शन करने पहुंचा। उसके इस अलग अंदाज और पुष्पा स्टाइल को देखकर मंदिर समिति के कर्मचारी भी उसके साथ फोटो खिंचवाते नजर आए। इस वेशभूषा में दर्शन करने आए युवक को प्रोटोकॉल भी मिला और उसने पूरे मंदिर परिसर का वीडियो भी बनाया। इस दौरान समिति के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी उसकी मदद करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मंदिर के सुरक्षाकर्मी ही नियमों पर सवाल खडे करते नजर आ रहे हैं।युवक ने पुष्पा स्टाई के मेकअप में मानसरोवर गेट से प्रवेश किया। यहां तैनात आधा दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने के बजाय उसके साथ फोटो खिंचवाई। इसके बाद मंदिर का एक कर्मचारी उसे वीआईपी श्रद्धालु की तरह गणेश मंडपम तक दर्शन कराने ले गया। इस दौरान युवक ने पूरे मंदिर परिसर का वीडियो भी शूट किया। युवक के पुष्पा स्टाइल में मंदिर में प्रवेश करने के दौरान दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालु भी उसे देखकर हैरान रह गए। इस तरह का वीडियो दो दिन पहले इंस्टाग्राम और फेसबुक पर Ankit Astoliya की आईडी से अपलोड किए गए हैं। उसकी आईडी पर पुष्पा की ड्रेस में बने कई अन्य वीडियो भी दिखाई दे रहे हैं।

-मंदिर परिसर के बाहर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय है। बाहर के मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनका काम है। मंदिर परिसर के अंदर 6 बजे उपरांत जूना महाकाल एवं बाबा बाल हनुमान क्षेत्र में जाने के मामले में टनल से वापसी की स्थिति हो सकती है वैसे फिर भी एक बार इसे दिखवाते हैं। पुष्पा के मेकअप में आने वाले श्रद्धालु को मात्र शीघ्रदर्शन के तहत मानसरोवर गेट से प्रवेश मिला है।वह आम श्रद्धालु की तरह ही आया है। दो दिन पूर्व के इस मामले को दिखवाया जा रहा है। कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है।

-आशीष फलवाडिया,जनसंपर्क अधिकारी एवं नायब तहसीलदार, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति,उज्जैन

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment