उज्जैन। महाकाल दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के साथ एक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में इंदौर निवासी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, इंदौर से चार लोग दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर सुबह करीब 5 बजे उज्जैन के लिए निकले थे। उज्जैन पहुंचने से लगभग दो किलोमीटर पहले टोल नाके के पास यह हादसा हुआ।
जमाई चला रहा था बाइक-बताया गया है कि आगे चल रहे एक लोडिंग वाहन ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे आ रही श्रद्धालुओं की बाइक उससे टकरा गई। बाइक मृतक राजकुमारी साहू के जमाई रामु साहू चला रहे थे। टक्कर के बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया। दुर्घटना में राजकुमारी साहू (55 वर्ष), निवासी भवानी नगर, इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।