उज्जैन। जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के चिरोला गांव में स्थित एक डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। बुधवार सुबह दोनों युवकों के डूबने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन दोपहर तक दोनों के शव बाहर निकाले जा सके।मृतकों की पहचान चिरोली निवासी 16 वर्षीय अजय पिता सुमन दास बैरागी और 20 वर्षीय कमल पिता हीरालाल माली के रूप में हुई है। दोनों आपस में करीबी दोस्त थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार को लगा कि दोनों गांव में चल रहे नाइट क्रिकेट मैच देखने गए होंगे।देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो पुलिस को सूचना दी-जब रात करीब 12 बजे तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने भाटपचलाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी सत्येंद्र चौधरी ने आसपास के क्षेत्रों में दोनों की तलाश के लिए सूचना भिजवाई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।बुधवार सुबह एक राहगीर ने चिरोली स्थित अंतिम पाटीदार की डबरी के बाहर एक बाइक, मोबाइल फोन और दो जोड़ी चप्पलें देखीं। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भाटपचलाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डबरी में तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए।
चिरोला गांव स्थित डबरी में डूबने से 2 युवकों की मौत:रातभर बाद सुबह रेस्क्यू में मिले शव