इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खतेड़िया में संत रामपाल के वीडियो प्रवचन को लेकर विवाद हो गया। रविवार को धार्मिक परंपराओं पर की जा रही टिप्पणियों का विरोध करने पहुंचे लोगों और प्रवचन सुन रहे समूह के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक फरियादी ने शिकायत में बताया कि उसके घर के सामने अनिता बाई के मकान के पास खाली जगह पर टेंट लगाकर प्रवचन चल रहा था। वहां टीवी स्क्रीन पर संत रामपाल के प्रवचन वीडियो पर प्रसारित किए जा रहे थे।फरियादी के अनुसार प्रवचन में महिलाओं के बिंदी, मांग भरने, मंगलसूत्र और बिछिया नहीं पहनने तथा मूर्ति पूजा नहीं करने जैसी बातें कही जा रही थीं, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।बेटमा पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत रविवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।विरोध करने पहुंचे लोगों पर हमला करने का आरोप-यशवंत के मुताबिक वह अपने साथी विनोद उर्फ पप्पू और गोकुल के साथ यह देखने टेंट में पहुंचे कि वहां क्या चल रहा है। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर टेंट में मौजूद कुछ लोग लकड़ी लेकर बाहर आ गए और हमला कर दिया।शिकायत में कहा गया है कि मुकुट और मोहन ने लकड़ी से हमला कर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए विनोद और गोकुल के साथ भी मारपीट की गई। महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने कराया बीच-बचाव-घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। फरियादी ने आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा प्रवचन स्थल पर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।