महिदपुर। मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए पचमढ़ी का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस विशेष भ्रमण दल में शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिदपुर की विजेता टीम ने भी सहभागिता की। विद्यालय के छात्र प्रेमसिंह राजपूत (कक्षा 12वीं), कुशाल सिंह (कक्षा 12वीं) और मयंक कुमावत (कक्षा 11वीं) ने इस 3 दिवसीय और 2 रात्रि के भ्रमण के दौरान पचमढ़ी की प्राकृतिक सुंदरता, सघन वनों, ऊंचे पहाड़ों और वन्यजीवों का करीब से अवलोकन किया। प्रकृति के सानिध्य में हुए इस अनुभव से छात्र न केवल आनंदित हुए बल्कि उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक और ऐतिहासिक महत्ता को भी समझा। विद्यार्थियों ने इस शानदार अवसर के लिए जिला शिक्षा विभाग और पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया। छात्रों की इस उपलब्धि और सफल भ्रमण पर विद्यालय के प्राचार्य श्री रामेश्वर सोनी एवं समस्त शिक्षक स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही शिक्षा एवं पर्यटन विभाग के इस संयुक्त प्रयास की सराहना की।
महिदपुर मॉडल स्कूल के छात्रों ने पचमढ़ी में सीखी प्रकृति की पाठशाला