रिमांड पर पूछताछ जारी, फरार पुत्र की तलाश धार से गिरफ्त में आया व्यापारी की हत्या का आरोपी

उज्जैन। अनाज व्यापारी की 10 दिन पहले हुई हत्या के फरार आरोपी को सोमवार-मंगलवार रात धार से गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या में आरोपी का पुत्र भी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि 24 अप्रैल को तुलसी वेयर हाऊस के पास अनाज व्यापारी राजेन्द्र कुमार उर्फ राजू पिता सौभागमल जैन 65 साल की ग्राहक से अनाज खरीदने की बात पर हुए विवाद में 100 मीटर दूरी पर अनाज की दुकान संचालित करने वाले निलेश शाह और उसके पुत्र आदर्श शाह ने ताल-घूंसों से पीटकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक व्यापारी के पुत्र अंशुल जैन की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ धारा 103 (1) 351(3),296 (बी), 3(5) का प्रकरण दर्ज किया था। दोनों पिता-पुत्र फरार थे, जिनकी तलाश में लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। 10 दिन बाद पता चला कि हत्या में शामिल निलेश पिता धन्नालाल शाह 45 साल निवासी ग्राम पलदुना धार में फरारी काट रहा है। रात में एसआई हेमंत कटारे, प्रधान आरक्षक राहुलसिंह राठौर, हेमराज खरे, आरक्षक महेश मोर्य की टीम रवाना की गई। जहां से निलेश शाह को गिरफ्तार कर बड़नगर लाया गया। मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। आरोपी निलेश का पुत्र आदर्श फरार है। जिसके संबंध में पूछताछ कर गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
काम बंदकर व्यापारी ने सौंपा था ज्ञापन
अनाज व्यापारी राजेन्द्र कुमार जैन की हत्या में शामिल आरोपियों की 7 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर 3 दिन पहले अनाज व्यापारियों ने मंडी में फसल खरीदी बंदकर गिरफ्तार करने की मांग करते हुये ज्ञापन सौंपा था। थाना प्रभारी पाटीदार ने व्यापारियों को 2 दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मंडी में खरीदी का काम शुरू कराया था। थाना प्रभारी की टीम ने 2 दिन में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात कहीं गई है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment