कुख्यात बदमाश रोशन ने पहली पत्नी पर तानी पिस्टल -गुर्जर सरनेम हटाने और शहर छोड़ने की धमकी

उज्जैन। गुर्जर गैंग के कुख्यात बदमाश रोशन ने रात के समय पहली पत्नी के घर में घुसकर पिस्टल तानी और गुर्जर सरनेम हटाने के साथ शहर छोड़ने की धमकी दी। पुलिस ने पहली पत्नी की शिकायत पर बदमाश के खिलाफ धारा 331 (6), 351 (3) में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि दिनेश पेट्रोल पम्प दो तालाब के पास रहने वाले निकिता पति रोशन गुर्जर ने गुरूवार को शिकायत दर्ज कराई कि वह अंकुर स्कूल में शिक्षिका है। उसका एक 6 वर्षीय पुत्र वंश है। 3 जनवरी 2018 को रोशन गुर्जर से विवाह किया था। सालभर बाद पति रोशन गुर्जर अपराधिक मामले में जेल चला गया था, उस वक्त वह गर्भवती थी। वह रोशन के माता-पिता के साथ ढांचा भवन सांदीपनी नगर में रहती थी। कुछ महिनों बाद रोशन जेल से छूटकर आया तो उसने हीरामिल की चाल में रहने वाली दीपिका से दूसरा प्रेम विवाह कर लिया और उसे घर से निकाल दिया। लेकिन रोशन ने उससे तलाक नहीं लिया है। वह रोशन से अलग होकर दो तालाब के पास रह रही है। बुधवार-गुरूवार रात रोशन आया और दरवाजा खटखटाकर अंदर घुस गया। उसने पिस्टल तानी और कहा कि बेटे वंश के नाम से गुर्जर सरनेम हटा ले, यहीं उसने धमकाया कि अगर शहर छोड़कर नहीं गई तो बेटे को गोली मार दूंगा। धमकी देने के बाद रोशन गुर्जर चला गया। थाना प्रभारी के अनुसार निकिता की शिकायत पर मामले में प्रकरण दर्ज कर रोशन गुर्जर की तलाश शुरू की गई है। रोशन अब तक जेल में था, एक-डेढ़ माह पहले ही रिहा होकर आया है।
अब गुर्जर गैंग के 3 भाईयों की तलाश
पिछले कुछ समय से गुर्जर गैंग की दहशत फिर से सामने आने लगी है। पिछले माह चिमनगंज थाना क्षेत्र में फर्जी गोली कांड सामने आया था। जिसकी साजिश रौनक गुर्जर ने रची थी। चिमनगंज थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही है। यहीं नहीं देवासगेट थाना क्षेत्र में हीरामिल की चाल स्थित ब्रिज के नीचे चली गोली के मामले में गैंग से जुड़े अनमोल गुर्जर की तलाश भी सरगर्मी से जारी है। अब नीलगंगा पुलिस ने गैंग के तीसरे बदमाश भाई रोशन द्वारा पहली पत्नी पर पिस्टल तान धमकी देने के मामले में तलाश शुरू की है। कुछ साल पहले तक गुर्जर गैंग की बढ़ती दहशत पर अंकुश लगाने के लिये गैंग की तलाश शुरू की थी और मुठभेड़ होेने पर रोशन के साथ रौनक गुर्जर को शार्ट एनकाउंटर कर पकड़ा था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment