जल प्रदूषण की समस्या के निराकरण हेतु उज्जैन की विशेषज्ञ टीम द्वारा निरीक्षण

महिदपुर। नगर पालिका परिषद महिदपुर में नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने एवं जल प्रदूषण की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आज दिनांक 28/04/2026 को इंजीनियरिंग कॉलेज उज्जैन के विशेषज्ञ दल द्वारा नगर का दौरा किया गया। निरीक्षण दल में डॉ. कंजन उपाध्याय, डॉ. सविता मारू, श्री सौरव यादव विशेषज्ञ दल द्वारा नगर पालिका परिषद महिदपुर के इंटेक वेल एवं फिल्टर प्लांट का भौतिक निरीक्षण किया गया। दल ने दोनों स्थानों की तकनीकी व्यवस्थाओं, जल शुद्धिकरण प्रक्रिया एवं रख-रखाव का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान इंटेक वेल एवं फिल्टर प्लांट से जल के सैंपल जांच हेतु संग्रहित किए गए। इन सैंपलों की विस्तृत रासायनिक एवं बैक्टीरियोलॉजिकल जांच इंजीनियरिंग कॉलेज उज्जैन की प्रयोगशाला में की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जल प्रदूषण के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा तथा नगर पालिका परिषद को तकनीकी रूप से उपयुक्त समाधान सुझाए जाएंगे, जिससे महिदपुर के नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजा यादव ने विशेषज्ञ दल को पूर्ण सहयोग प्रदान किया एवं आश्वस्त किया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात सुझाए गए उपायों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नगर की पेयजल योजना क्षिप्रा नदी के पानी से संचालित होती है। क्षिप्रा नदी में खान नदी का पानी मिलता रहा है। गर्मी के पूर्व जब क्षिप्रा नदी में प्रवाह कम हो जाता है तो क्षिप्रा का पानी प्रदुषित होकर दुर्गन्ध वाला काला हो जाता है। उज्जैन में संक्रान्ति व शिवरात्रि पर पानी बदलने से क्षिप्रा प्रवाहमान रुप ले लेती है परंतु मार्च-अप्रेल में प्रवाह बंद हो जाता है तो प्रदुषण बढ़ जाता है इससे बचने के लिये स्थायी हल करना जरुरी है। महिदपुर जल यंत्रालय को नर्मदा के जल से जोड़ा जावे या ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण किये जो रहे शुद्ध जल वितरण योजना का पानी फिल्टर तक लाया जावें। उपरोक्त योजनाओं का सर्वे कराकर शासन महिदपुर को शुद्ध जल वितरण के लिये कदम उठावें। अभी जो भी कार्य किये गये है वो अस्थायी निराकरण है। इससे महिदपुर की शुद्ध पेयजल व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। न.पा. शासन को इस संबंध में ठोस कदम उठाना चाहिये।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment