उज्जैन। ढांचा भवन में 11 अप्रैल की रात मकान पर पेट्रोल डालकर आग लगाने और हवाई फायर कर दहशत फैलाने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके पास से देशी कट्टा और 2 जिंदा राउंड जप्त किये गये। आगजनी मामले में 13 से अधिक नाम सामने आये थे। अब तक तीन की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन में रहने वाले बदमाश रौनक गुर्जर के मकान में 11 अपै्रल की रात पांच बाइक पर सवार होकर आये एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। बदमाशों ने क्षेत्र में हवाई फायर भी किया था। आगजनी का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया था। वही रौनक गुर्जर के पिता मनोहर गुर्जर की शिकायत पर आगजनी का प्रकरण दर्ज किया था। आगजनी के समय मकान में कोई नहीं था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर 13 से अधिक बदमाशों की पहचान की थी, जो बुंदेला गैंग के होना सामने आये थे। गुर्जर और बुंदेला गैंग में लम्बे समय से वर्चस्व की लड़ाई और रंजीश चली आ रही है। आग लगाने और फायर करने वाले बदमाशों की पहचान होने पर पुलिस ने निजातपुरा के रहने वाले संतोष परमार की 14 अप्रैल को गिरफ्तारी कर ली थी। पूछताछ में उसने अपने साथियों यशवेन्द्र उर्फ छिंगु बुन्देला, किशोर पटेल, मोहित पटेल, अमन उर्फ बच्चा, बबलू ठाकुर, ओम उर्फ बच्चा, चिनु मराठा, निखिलेश उर्फ निक्कु मराठा, राहुल उर्फ भय्यु गोहर, निक्कू गोहर, आशुतोष उर्फ आशु, राहुल उर्फ सूर्या सूर्यवंशी और अन्य के नाम बताये थे। जिनकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। एसआई जयदीप राठौर ने बताया कि फरार आरोपियों में शामिल 2 बदमाश किशोर पटेल निवासी चिंतामण और कुख्यात बदमाश छिंगू बुंदेला के रिश्तेदार रितेश उर्फ राजा शर्मा को शुक्रवार-शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में किशोर पटेल ने बताया कि आगजनी से पहले हवाई फायर के लिये देशी कट्टा उपयोग किया था। जो रितेश के पास रखा था। पुलिस ने टीम ने उक्त कट्टे की बरामदगी के प्रयास किये और दोनों की निशानदेही पर कट्टा बरामद किया, जिसके साथ 2 जिंदा राउंड भी मिले है। दोनों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। अब तक मामले में 3 बदमाशों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष को हिरासत में लेने के प्रयास जारी है।
मकान में आग लगाने वाले 2 बदमाशों के पास मिला देशी कट्टा