हनुमान जन्मोत्सव पर निकली दंडवत परिक्रमा, हर मंदिर में गूंजी हनुमान चालीसा

जीरापुर । नगर में हनुमान जन्मोत्सव के पूर्व धार्मिक आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब दंडवत परिक्रमा का भव्य आयोजन किया गया। बाबा नीम करोली महाराज के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष परिक्रमा में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रात: 8 बजे होटल हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के बाद प्रारंभ हुई यह परिक्रमा नगर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों एवं मार्गों से होकर निकली। श्रद्धालुओं ने दंडवत करते हुए अपनी गहरी आस्था प्रकट की, जो पूरे मार्ग में भक्ति और समर्पण का अनुपम उदाहरण बनी रही।
परिक्रमा का मार्ग हटीले हनुमान जी (आवास कॉलोनी) से प्रारंभ होकर श्रीराम मंदिर, सिद्धेश्वर मंदिर, बालाजी मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, चामुंडा माता मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों से गुजरता हुआ पुन: हटीले हनुमान जी मंदिर पर आकर सम्पन्न हुआ। विशेष बात यह रही कि हर मंदिर पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती कर आगे बढ़े, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
आयोजन के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई थी। नगरवासियों ने भी इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत किया। परिक्रमा के समापन पर हटीले हनुमान जी मंदिर में महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की। इस पूरे आयोजन का संचालन गिरिराज जी भक्त मंडल, जीरापुर द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment