बिजली बिल और ऋण वसूली में राहत नहीं मिली तो होगा उग्र आंदोलन- विधायक बापू

सुसनेर। विधानसभा क्षेत्र सुसनेर के कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार (बापू) ने रविवार को किसानों और आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की। प्रेसवार्ता में उन्होंने किसानों को राहत देने, बिजली बिलों में हो रही गड़बड़ी और सहकारी समितियों में ऋण वसूली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के किसान और आम उपभोक्ता कई प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इन मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।
विधायक परिहार ने कहा कि प्रदेश के किसान वर्तमान में आर्थिक दबाव में हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में सरकार को किसानों के हित में ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में विधायक ने किसानों को गेहूं खरीदी में मिलने वाले बोनस का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के साथ किसानों को 125 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया था, जिससे किसानों को कुछ राहत मिली थी। इस वर्ष भी किसानों को इसी प्रकार का बोनस देने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान में केवल 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। जो किसानों के साथ अन्याय है। विधायक ने कहा कि सरकार को किसानों की स्थिति को समझते हुए बोनस की राशि बढ़ाकर कम से कम 125 रुपये प्रति क्विंटल करना चाहिए। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और खेती के बढ़ते खर्च को कुछ हद तक संतुलित किया जा सकेगा। उन्होंने सहकारी संस्थाओं में किसानों से हो रही ऋण वसूली की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। विधायक ने कहा कि वर्तमान में ऋण चुकाने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है, जबकि सरकार 1 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू करने जा रही है। ऐसी स्थिति में कई किसानों के खाते ओवरड्यू हो सकते हैं और उन्हें अतिरिक्त ब्याज का भार उठाना पड़ सकता है। इसलिए किसानों के हित में ऋण वसूली की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment