गैस गीजर में हुए विस्फोट के धमाके से दो मंजिला मकान की छत गिरी, बड़ा हादसा टला

कानड़। सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कानड़ के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित एक डबल मंजिला मकान में संभवत: गैस गीजर में हुए विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। घटना डॉक्टर जयप्रकाश सोनी के निजी मकान में हुई। धमाके की तेज आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
धमाके से घबराकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की अंदरूनी व बाहरी दीवारों में दरारें पड़ गईं तथा छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। घर के अंदर लगा एसी, सीमेंट की बनी पानी की टंकी, कमरों में किया गया पीओपी कार्य, लकड़ी का फर्नीचर और गैलरी के कांच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गैलरी और दीवार का मलबा सड़क तक फैल गया, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। पास के एक अन्य मकान की छत को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
दूसरी मंजिल पर हुए धमाके जिसने पक्की दीवार तक को गिरा दिया गनीमत रही कि विस्फोट के समय कोई ऊपरी मंजिल पर नहीं था।राहत की बात यह रही कि किसी के खरोंच तक होने की सूचना नहीं मिली। मकान मालिक सहित राहगीर या पड़ोसी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
गैस गीजर, कई महीनों से बंद था उपयोग
मकान मालिक राम सोनी ने बताया कि वे पहले ऊपर बने कमरे में रहते थे। जहां बाथरूम में गर्म पानी के लिए गैस गीजर लगा हुआ था। पिछले कई महीनों से वे उस कमरे का उपयोग नहीं कर रहे थे और नीचे ही रह रहे थे। उनका कहना है कि संभवत बंद पड़े कमरे में लगे गीजर से गैस रिसाव हुआ हो और उसी के कारण यह हादसा हुआ हे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में रखे बर्तन तक गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। मौके से मजदूरों ने मकान का मलबा भी हटाया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment