सुसनेर में जुआ फड़ पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

सुसनेर। क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत जंगल क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर कानून व्यवस्था के प्रति अपनी सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में सोमवार मंगलवार की रात्रि में की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में भय का माहौल देखा गया। पुलिस की तत्परता और रणनीतिक घेराबंदी के चलते मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।
मौके से बड़ी मात्रा में नगद राशि और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई।पुलिस ने पूरी कार्रवाई को विधिसम्मत तरीके से अंजाम देते हुए पंचनामा और वीडियोग्राफी की प्रक्रिया भी पूरी की। जंगल क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर सुनियोजित दबिश देकर 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से ?2,52,000 नगद राशि एवं तीन ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पब्लिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।
लंबे अंतराल के बाद बड़ी कार्रवाई
क्षेत्र में जुआ गतिविधियों की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं, लेकिन इतने बड़े स्तर पर एक साथ गिरफ्तारी पहली बार देखने को मिली है। डग रोड स्थित आडे खाल के पास कंठाल नदी किनारे जंगल में अंदर-बाहर नामक जुआ बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा था। इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
सुनियोजित रणनीति से घेराबंदी
23 फरवरी की रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। जंगल क्षेत्र और अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपियों के फरार होने की आशंका को देखते हुए चारों ओर से घेराबंदी की गई। दबिश के दौरान सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर पंचनामा तैयार किया गया तथा जब्त नकदी और सामग्री को विधिवत मालखाना में जमा कराया गया।
आरोपियों को सिविल अस्पताल लाए
गिरफ्तारी के बाद सभी 32 आरोपियों को मंगलवार की शाम करीब 5 बजे सुरक्षा व्यवस्था के बीच बस द्वारा सिविल अस्पताल लाया गया। वहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया ताकि कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित हो सके। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। अस्पताल परिसर में भी पुलिस की कड़ी निगरानी रही।
नवागत थाना प्रभारी की सख्ती की चर्चा
नवागत थाना प्रभारी निरीक्षक अक्षय सिंह बैस द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। चार्ज संभालते ही अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाने से आमजन में सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment