कांग्रेस ने प्रदेशभर में किया प्रदर्शन
ब्रह्मास्त्र इंदौर
नगरीय विकास एवं आवास और संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को औकात बताने वाले बयान के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयर्गीय का पुतला जलाने की कोशिश की। वहीं पुलिसकर्मी पुतला दहन से रोकने का प्रयास कर रहे थे।
इसे लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच छीना-छपटी हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। भोपाल के साथ ही प्रदेश में कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले का दहन किया।
अदाणी का नाम लेने पर मंत्री ने जताई आपत्ति- विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार सिंगरोली में अडाणी की कंपनी को कोल ब्लॉक आवंटन के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान संसदीय कार्यमंत्री विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष से कह दिया औकात में रहो।
चर्चा के दौरान सिंघार ने सरकार और अदाणी के बीच समझौते का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री विश्वास सारंग ने आपत्ति जताई और कहा कि जो व्यक्ति सदन में मौजूद नहीं है, उसका नाम नहीं लिया जाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने भी इस परंपरा का पालन करने के निर्देश दिए।