भिंड में नेशनल हाईवे- 719 पर छींमका के पास हादसा, बस-वैन में आमने-सामने की भिड़ंत, 5 लोगों की मौत, 7 लोग गंभीर

ब्रह्मास्त्र भिंड

भिंड में शुक्रवार देर रात बस और वैन आमने-सामने भिड़ गए। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसा गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर रात 2.30 बजे हुई। गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रहा था, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों को एंबुलेंस से ग्वालियर रेफर किया गया। फिलहाल, घायलों का ग्वालियर में इलाज जारी है। टीआई ने बताया कि अभी दो मृतकों की पहचान हुई है। इनके नाम अतुल शिवहरे निवासी फूप और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा है। बाकी के शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस परिजनों का पता लगाने के लिए दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है। जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। हो सकता है दोनों वाहन तेज रफ्तार में हों। हादसे की जांच जारी है। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment