गोपाल मंदिर के गेट पर महिला के गले से झपटा मंगलसूत्र ,एक्सप्रेस ट्रेन में 2 यात्रियों के साथ चोरी की वारदात

उज्जैन। कार्तिक पूर्णिमा पर गोपाल मंदिर दर्शन करने पहुंची महिला के गले से पीछे से आई महिला ने मंगलसूत्र झपट लिया और भाग निकली। खाराकुआ थाना पुलिस ने मंगलसूत्र झपटने वाली महिला की तलाश शुरू की है।
बताया जा रहा है कि शाजापुर के रानी बडौद की रहने वाली सरिता मेवाड़ा परिवार के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक यात्रा करने आई थी।  कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद गोपाल मंदिर में दर्शन करने पहुंची थी उसी दौरान मंदिर के गेट पर पीछे से आई महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र झपटा और भाग निकली। मंगलसूत्र की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। वारदात के बाद सरिता मेवाड़ा जेठ मेवाड़ा राजपूत धर्मशाला दानी गेट के प्रबंधन से जुड़े राधेश्याम मेवाड़ा के साथ खाराकुआ थाना पुलिस के पास पहुंची और आवेदन देकर वारदात की शिकायत दर्ज कराते हुये उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।  मेवाड़ा परिवार ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि गोपाल मंदिर के मुख्य द्वार, मंदिर परिसर और आसपास लगे शासकीय तथा निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर तत्काल कार्रवाई की जाये, ताकि आरोपी महिला की पहचान कर चोरी गए मंगलसूत्र की बरामदगी की जा सके। परिवार ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे मौके पर मंदिरों के साथ धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई जाना आवश्यक है, जिससे दर्शनार्थियों, विशेषकर माता-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
टेनों के सफर करते 2 यात्रियों के साथ चोरी की वारदात हो गई। बदमाश महिला यात्री का रुपयों से भरा बेग और पुरुष यात्री का मोबाइल लेकर भाग निकले। दोनों मामलों में जीआरपी ने प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार नागपुर निवासी नीलम वासवानी 61 साल 22 नवंबर को ट्रेन नंबर 22646 अहिल्यानगरी एक्सप्रेस के में नागपुर से इंदौर की यात्रा कर रही थीं। उन्होंने अपना बैग सीट पर रखा था। ट्रेन के उज्जैन स्टेशन से रवाना होने के बाद उनका बैग गायब हो गया। तलाश करने पर भी पता नहीं चला। बैग में सोने की चेन, 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इसी ट्रेन में यात्रा कर रहे इंदौर निवासी मोहम्मद मुजफ्फर नूरसुमार  51 वर्ष का मोबाइल भी चोरी हो गया। वह एस-4 कोच में चेन्नई से इंदौर जा रहे थे। उन्होंने मोबाइल सीट के पास रखा था और सो गए थे। देवास स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद नींद खुली तो मोबाइल गायब मिला। आसपास तलाश करने पर भी मोबाइल नहीं मिला। दोनों यात्रियों की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment