ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर में बुधवार सुबह करीब 8 बजे पंढरीनाथ थाना क्षेत्र की संकरी गली में अचानक हलचल बढ़ गई। पुलिस बल के साथ पहुंची नगर निगम की टीम ने दो मकानों के चार कमरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई।
जैसे ही जेसीबी आगे बढ़ी, घरों के भीतर से महिलाएं और बच्चे बाहर निकल आए। कोई सामान समेट रहा था, तो कोई दरवाजे पर खड़ा होकर हाथ जोड़ रहा था। कुछ ही देर में रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं।
कार्रवाई से पहले निगम कर्मचारियों ने मकान में रह रहे परिवारों का घरेलू सामान बाहर रखवाया। इसके बाद चार कमरों को तोड़ दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। यह मकान पंढरीनाथ थाना के सामने स्थित सत्यनारायण मंदिर के पीछे बताए जा रहे हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि मकान पुराने और जर्जर थे तथा उन्हें तोड़ने के लिए कोर्ट का आदेश प्राप्त था।