ब्यावरा-राजगढ़ । क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देते हुए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने ग्राम पंचायत भवानीपुरा, रामगढ़, पुराबरायठा, पांजरा एवं पगारा में लगभग 1 करोड़ 76 लाख रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इन पंचायतों में पुलिया निर्माण, बाउंड्री वॉल, सीसी रोड, पेवर्स कार्य एवं सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। जिससे ग्रामीणों को आवागमन, सामाजिक कार्यक्रमों एवं जनसुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि हमारा प्रत्येक कार्य जनता जनार्दन की मांग और आवश्यकता के अनुरूप होता है। जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिया निर्माण से जहां किसानों और विद्यार्थियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं सामुदायिक भवन सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क का सशक्त केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक स्तर पर भारत की साख लगातार मजबूत हुई है। श्री पंवार ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वरोजगार को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसी योजनाओं ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाना ही आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। गांव मजबूत होंगे तो प्रदेश और देश मजबूत होगा। इसी सोच के साथ सरकार बुनियादी ढांचे के विकास, कृषि उन्नयन और स्थानीय रोजगार सृजन पर निरंतर कार्य कर रही है। श्री पंवार ने प्रखर राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना ही हमारी नीति और नीयत दोनों का आधार है। 28,
1.76 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात