पति ने पत्नी पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, मौत, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

सुसनेर। थाना क्षेत्र के ग्राम सालरिया में जमीन रजिस्ट्री को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद शुक्रवार को उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया जब एक पति ने कथित रूप से अन्य परिजनों के उकसावे में आकर अपनी ही पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी भूपेन्द्र (19) निवासी ग्राम सालरिया ने थाना पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पिता रतनसिंह पिता रामलाल सोंधिया निवासी सालरिया, एवं बड़े पापा शंकरसिंह पिता रामलाल सोंधिया निवासी धतुरिया सोयतकला द्वारा सामलाती कृषि भूमि का सौदा कुछ माह पूर्व किया गया था। उक्त जमीन की रजिस्ट्री को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका दुगार्बाई जमीन बेचने के पक्ष में नहीं थी और रजिस्ट्री करवाने का विरोध कर रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे शंकरसिंह पिता रामलाल सोंधिया निवासी धतुरिया, अर्जुनसिंह पिता रतन सिंह निवासी मैनपुर सुसनेर, तरवरसिंह पिता रतन सिंह निवासी मैनपुर सुसनेर एवं प्रतापसिंह पिता करणसिंह सोंधिया निवासी सालरिया घर पहुंचे और रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इन लोगों ने रतनसिंह को पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया। उकसावे में आकर रतनसिंह ने घर में रखे चाकू से दुगार्बाई पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे पुत्र को भी आरोपी द्वारा धमकाया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दुगार्बाई लहूलुहान अवस्था में घर से बाहर निकलकर गली में गिर पड़ी।
परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल सुसनेर लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी देवनारायण यादव एवं थाना प्रभारी केसर राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment