उज्जैन । भगवान श्री महाकालेश्वर के मंदिर में शिवनवरात्रि का पर्व बडी ही धूमधाम एवं विधिविधान के साथ मनाया जा रहा है।अष्टम दिवस शुक्रवार को मंदिर में संध्या आरती से पूर्व भगवान को आकर्षक एवं मनमोहक उमा महेश स्वरूप में श्रृंगारित किया गया। महाशिवरात्रि पर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं का आगमन संभावित है। सुरक्षा से लेकर मंदिर व्यवस्था एवं प्रशासन को श्रद्धालुओं के आगमन का इंतजार है। इस दौरान 40 मिनिट में दर्शन की व्यवस्था की गई है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिवनवरात्रि पर्व का उत्साह देखते ही बन रहा है। मंदिर की आकर्षक विद्युत सजावट देखते ही बन रही है। इसके साथ ही भगवान के श्रृंगार को देखकर श्रृद्धालु मोहित हुए बगैर नहीं रह पा रहे हैं। मंदिर में गूंज रहे शिव मंत्रों से भक्त अभिभूत हो रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यापक व्यवस्था को अंजाम दिया है। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। मंदिर में श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से जल्द दर्शन हो इस बार इस तरह की योजना पर काम किया जा रहा ह
दो दिन में 10 लाख आएंगे-
मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार वैसे तो महाशिवनवरात्रि के पूरे उत्सव समय में करीब 25-35 लाख श्रद्धालुओं के भगवान के दर्शनों के लिए आगमन की स्थिति रहेगी,लेकिन महाशिवरात्रि के दो दिन 15-16 फरवरी को 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन के मान से हमने व्यवस्थाओं को जुटाया है और पुख्ता किया है। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सहजता से भगवान का दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूतियों के दर्शन की स्मृतियों को सहेजें।
40 मिनिट में दर्शन –
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के जारी विडियों बयान में उन्होंने बताया है कि महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालू के लिए व्यापक पार्किंग एवं डायवर्शन प्लान बनाया गया है। इसे सोश्यल मिडिया पर साझा किेया गया है। शहर में बडे-बडे फ्लेक्स ,बोर्ड लगाए गए हैं। कर्कराज एवं कार्तिक मेला ग्राउंड पर पार्किंग कर श्रद्धालू दर्शन के लिए दिशा निर्देश अनुसार पहुंचें। हमने 40 मिनिट से कम में दर्शन की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 200 सीसी टीवी कैमरा,5 ड्रोन कैमरा एवं 150 महिला पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। श्रद्धालू आए और सुगमता के साथ भगवान के दर्शन करें।
श्री उमामहेश स्वरूप में दर्शन-
श्री महाकालेश्वर मंदिर में चल रहे शिवनवरात्रि महोत्सव के दौरान अष्टम दिवस शुक्रवार फाल्गुन कृष्ण एकादशी के शुभ दिन सांध्य पूजन के पश्चात भगवान श्री महाकालेश्वर एवं माँ भगवती पार्वती ने सभी भक्तों को श्री उमा-महेश स्वरूप में दर्शन दिए । इस दौरान दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के श्री उमामहेश स्वरुप के दर्शन कर मंदिर का सम्पूर्ण प्रांगण जय श्री महाकाल के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। इससे पूर्व प्रातः श्री महाकालेश्वर मंदिर के नेवैद्य कक्ष में भगवान श्री चन्द्रमौलीश्वर का पूजन किया गया । कोटितीर्थ कुण्ड के पास स्थापित श्री कोटेश्वर महादेव के पूजन के पश्चात मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 11 ब्राह्मणों द्वारा श्री महाकालेश्वर भगवान का अभिषेक एकादश-एकादशनी रूद्रपाठ से किया गया ।संध्या पूजन के पश्चात बाबा श्री महाकालेश्वर व उमा माता जी को नए वस्त्र धारण करवाये गये, साथ ही भगवान श्री महाकालेश्वर के श्री उमामहेश स्वरूप का श्रृंगार कर बाबा को मुकुट, मुण्ड माला एवं फलों की माला धारण करायी गयी।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी-
महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचेगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। जारी आदेश अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा को श्री महाकालेश्वर मंदिर, पार्किंग स्थल, भीड़ प्रबंधन व यातायात की संपूर्ण व्यवस्था, आयुक्त नगर निगम अभिलाष मिश्रा को श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहरी क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, फायरब्रिगेड की व्यवस्था, उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी को अस्थाई जूता स्टैंड संचालन व्यवस्था, वन मंडल अधिकारी अनुराग तिवारी को श्री महाकालेश्वर मंदिर व बाह्य परिक्षेत्र, पार्किंग क्षेत्र में बंदरों की रोकथाम, मधुमक्खी के छत्ते हटाने की कार्यवाही करने, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष मालवीय को परिवहन व्यवस्था, डिविजनल कमाण्डेन्ट होमगार्ड आर.के.पाठक को रामघाट ,नृसिंह घाट, पैदल पुल पर पर्याप्त संख्या में तैराकों, लाइफ जेकेट, मोटर बोट की व्यवस्था के साथ मंदिर परिक्षेत्र में नगर सैनिकों की व्यवस्था करने, एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग, एसडीएम कोठी महल श्री पवन बारिया, एसडीएम कृतिका भीमावद को शांति एवं कानून व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी व समस्त विभागों से आवश्यक व्यवस्था के लिए समन्वय करने, एसडीएम घट्टिया राजाराम करजरे को दर्शन व्यवस्था का समन्वय करने, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल को श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था, पेरामेडिकल स्टॉफ, औषधि एवं आपातकालीन तैयारियों की व्यवस्था करने के लिए ड्यूटी निर्धारित की है।
उज्जैन–भोपाल के मध्य तीन जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें –
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत उज्जैन एवं सीहोर क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर आने वाली अतिरिक्त यात्री भीड़ को समायोजित करने हेतु उज्जैन–भोपाल के मध्य तीन
जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया गया है। मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार 13 फरवरी से स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
1. गाड़ी संख्या 09305/09306 उज्जैन–संत हिरदाराम नगर–उज्जैन मेला स्पेशल गाड़ी संख्या 09305 उज्जैन–संत हिरदाराम नगर मेला स्पेशल शुक्रवार 13 फरवरी से 22 फरवरी, 2026 तक उज्जैन से प्रतिदिन 09.00 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 13.30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुँचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09306 संत हिरदाराम नगर–उज्जैन मेला स्पेशल दिनांक 13 फरवरी, 2026 से 22 फरवरी, 2026 तक संत हिरदाराम नगर से प्रतिदिन 14.30 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 19.30 बजे उज्जैन पहुँचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल एवं सीहोर स्टेशनों पर ठहरेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09307/09308 उज्जैन–भोपाल–उज्जैन मेला स्पेशल गाड़ी संख्या 09307 उज्जैन–भोपाल मेला स्पेशल दिनांक 13 फरवरी, 2026 से 22 फरवरी, 2026 तक उज्जैन से प्रतिदिन 21.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 02.10 बजे भोपाल पहुँचेगी। इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 09308 भोपाल–उज्जैन मेला स्पेशल दिनांक 14 फरवरी, 2026 से 23 फरवरी, 2026 तक भोपाल से प्रतिदिन 03.10 बजे प्रस्थान कर उसी दिन 08.00 बजे उज्जैन पहुँचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल, सीहोर एवं संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर ठहरेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09313/09314 उज्जैन–संत हिरदाराम नगर–उज्जैन मेला स्पेशलगाड़ी संख्या 09313 उज्जैन–संत हिरदाराम नगर मेला स्पेशल दिनांक 13 फरवरी, 2026 से 22 फरवरी, 2026 तक उज्जैन से प्रतिदिन 16.00 बजे प्रस्थान
कर उसी दिन 21.40 बजे संत हिरदाराम नगर पहुँचेगी। सी प्रकार, गाड़ी संख्या 09314 संत हिरदाराम नगर–उज्जैन मेला स्पेशल दिनांक 13 फरवरी, 2026 से 22 फरवरी, 2026 तक संत हिरदाराम नगर से प्रतिदिन 22.30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 02.00 बजे उज्जैन पहुँचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल, एवं सीहोर स्टेशनों पर रुकेगी। इन मेला स्पेशल ट्रेनों में सामान्य एवं स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
करीब 2 हजार कर्मचारी संभालेंगे सुरक्षा-
मंदिर में दर्शन से लेकर यातायात व्यवस्था तक के लिए शहर में शनिवार से ही पुलिस की तैनाती की जाने वाली है। सामने आ रहा है कि इसमें करीब 2 हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी व्यवस्था संभालने के लिए लगाए जाएंगे। करीब 250 पुलिस कर्मचारी यातायात की व्यवस्था के लिए ही लगाए जाना सामने आ रहा है। मंदिर में श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1200 से अधिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे है।