उज्जैन। महाशिवरात्रि पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से अलर्ट हो चुकी है। शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में 40 संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनसे संबंधित थानों में पूछताछ की जा रही है।
15-16 फरवरी को महाकाल के दरबार में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना बनी हुई है। जिसको लेकर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जा रहा है और बीडीडीएस के साथ क्राइम ब्रांच, साइबर टीम संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही है। महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्र, देवासगेट बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, नानाखेड़ा बस स्टैंड के साथ पारदी डेरों सहित संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 40 से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया और उन्हें पूछताछ के लिए संबंधित स्थान पर भेजा गया। सार्वजनिक स्थानों पर हुई चेकिंग के साथ ही पुलिस की टीम द्वारा होटल, ढाबो और दुकानों पर भी सर्चिंग की गई। होटल धर्मशाला और लाज संचालकों को हिदायत दी गई की बिना दस्तावेज किसी को भी रूम उपलब्ध न कराया जाए। संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी जाए। संयुक्त रूप से पुलिस टीम द्वारा की जा रही चेकिंग के दौरान विस्फोटक सामग्री की भी जांच पड़ताल की जा रही है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए महाकाल मंदिर क्षेत्र में 1500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है, पांच ड्रोन के माध्यम से भीड़ नियंत्रण और बदमाशों पर नजर भी रखी जाएगी। जिले में त्योहारों को देखते हुए शांति भंग करने वाले और सौहार्द बिगड़ने वालों की भी धरपकड़ का अभियान चलाया जा रहा है।