महाकुंभ गर्ल की फिल्म का ट्रेलर लॉन्च; यूके-नेपाल में हुई शूटिंग
महाकुंभ में माला बेचने के दौरान वायरल हुई मोनालिसा की फिल्म द डायरी आॅफ मणिपुर का ट्रेलर लॉन्च हो गया। ट्रेलर सिविल लाइंस के एक होटल में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की हीरोइन मोनालिसा, हीरो अमित राव, अभिषेक त्रिपाठी, दिनेश त्रिवेदी और डायरेक्टर सनोज मिश्रा मौजूद रहे।
फिल्म में मोनालिसा मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में लव स्टोरी और एक बेटी के संघर्षों को दिखाया गया है। मोनालिसा इसमें सेना के अफसर की बेटी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग साल-2025 में शुरू हुई थी। फिल्म केमेन लोकेशन में इटावा का राजा सुमेर सिंह किला और देहरादून के जंगल हैं। फिल्म अप्रैल के पहले हफ्ते में रिलीज होगी। ‘द डायरी आॅफ मणिपुर’ मोनालिसा की पहली फिल्म है। इसके ट्रेलर की शुरूआत भी मोनालिसा से ही होती है। उनकी कजरारी आंखों की झलक से लेकर डांस और अदाएं सब कुछ देखने लायक हैं। मोनालिसा की इस फिल्म की कहानी भी दमदार लग रही।
ट्रेलर में शुरूआत में मणिपुर की अकेली लड़की मोनालिसा को दिखाया गया है। बैकग्राउंड में बताया जाता है- मोनालिसा को नहीं पता कि उसकी जिंदगी में अंजाना तूफान आने वाला है। अभी तक मोनालिसा अकेले थी। उसके दोस्त थे जानवर, पेड़-पौधे, तितलियां और उसका बनाया एक पुतला, जिससे वह खेलती रहती थी। झरने से पानी भरते और नहाते भी दिखीं। इसी बीच मणिपुर में दो समुदायों कूकी और मैतेई के बीच विवाद बढ़ गया। धर्म परिवर्तन के मुद्दे से मणिपुर में आग सुलगने लगी। चारों तरफ विरोध-प्रदर्शन के बीच राजनीति गरमाने लगी। जाति, धर्म और आरक्षण पूरी कहानी में ट्विस्ट लेकर आ गया। इसी जंग में मोनालिसा की लव स्टोरी शुरू होती है। फिर मणिपुर में इंसानियत की जंग में मोनालिसा भी कूद पड़ती है। इसमें मणिपुर के पुराने इतिहास और पॉलिटिक्स के बारे में दिखाया गया है। पहली फिल्म के हिसाब से और बिना किसी एक्टिंग की लंबी ट्रेनिंग के मोनालिसा का काम भी अच्छा दिख रहा है। फिल्म मणिपुर की ज्यादातर शूटिंग नेपाल, मणिपुर, यूके में हुई है। शूटिंग मई- 2025 में शुरू हुई थी। 4 शेड्यूल में पूरी फिल्म शूट की गई है। ढाई घंटे की फिल्म में कुल 5 गाने हैं। फिल्म में मोनालिसा का नाम अंगद है। इसका बजट 10 करोड़ है।