उज्जैन। शराबी पिता से विवाद होने पर पुत्र ने थप्पड़ मार दिया। रात में पिता ने कमरे में आकर पुत्र का गला दबा दिया और हत्या कर दी। लाश को बाथरूम में छुपाकर सुबह पिता भाग निकला। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर चंद घंटो में मक्सी के पास से हिरासत में ले लिया।
मामला पंवासा थाना क्षेत्र के रघुनंदन मैरिज गार्डन के पीछा का सामने आया है। यहां रहने वाला रायसिंह सोलंकी मिस्त्री का काम करता है और शराब पीने का आदी है। उसका पुत्र विशाल भी मिस्त्रीगिरी करता था। रायसिंह आये दिन शराब के नशे में घर लौटकर पत्नी सावित्री से विवाद करता था। सोमवार रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुत्र विशाल ने हस्तक्षेप किया और पिता को थप्पड़ मार दिया। विवाद के चलते पत्नी घर से निकल गई और समीप रहने वाले रिश्तेदार के यहां चली गई। बड़ा पुत्र सागर भी अपने कमरे में जाकर सो गया। विवाद के बाद विशाल भी कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह सागर नींद से जगा। सावित्री भी घर लौट आई, लेकिन विशाल दिखाई नहीं दिया। भाई सागर ने कमरे में देखा, वहां भी नजर नहीं आया। उसने पिता रायसिंह से पूछा विशाल कहा है। रायसिंह ने बाथरूम का दरवाजा खोलकर दिखाया। जहां विशाल अचेत अवस्था में पड़ा था। सागर ने पिता पर मारने का आरोप लगाया तो रायसिंह घर से भाग निकला। विशाल के सिर में चोंट लगी थी और गले पर दबाने के साथ नाखून के निशान थे। मामले की सूचना पंवासा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजा। जहां शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करना सामने आया। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर घर से भाग पिता की तलाश शुरू की और कुछ घंटो बाद उसे हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि पुत्र की हत्या करने वाले शराबी पिता ने पूछताछ में गला दबाना कबूल कर लिया है। हत्या के मामले में आरोपी पिता को बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जायेगा।
कमरे में जाकर दबाया था गला
बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ में पुत्र की हत्या करने वाले पिता ने कबूल किया कि विवाद होने पर पुत्र ने मारा था। जब पत्नी घर से चली गई और बड़ा पुत्र सागर अपने कमरे में चला गया तो मामला शांत हो गया था। विशाल भी अपने कमरे में सोने चला गया था, रात में वह उठकर विशाल के कमरे में गया और गला दबा दिया। उसकी आवाज नहीं निकल पाई और मर गया। उसके बाद शव को बाथरूम में पटक कर अपने कमरे में आ गया।
पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर पकड़ा
विशाल की लाश बाथरूम में मिलने पर मां और बड़े भाई ने पिता पर हत्या की आशंका जताई और पुलिस को बुलाने की बात कहीं तो रायसिंह ने बरगलाने का प्रयास किया और हार्ट अटैक से मौत होने की बात कहीं। भाई सागर ने पुलिस को सूचना दी तो पिता रायसिंह घर से भाग निकला। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की तो मक्सी के पास झोंकर की होना सामने आई। लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बाथरूम में शव पटक मक्सी भाग निकला था पिता पुत्र ने थप्पड मारा तो गला दबाकर कर दी हत्या