उज्जैन। इंगोरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती को अकेला पाकर क्षेत्र का रहने वाला बदमाश धर्मेन्द्र पिता मोहनलाल जाट 7 फरवरी की शाम घर में घुस गया और बुरी नियत से पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने विरोध किया तो बदमाश ने चाकू निकाल लिया और युवती को अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। वह युवती को हाथ पकड़कर घर के बाहर तक ले आया, तभी शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो बदमाश भाग निकला। युवती ने भाई के साथ पहुंचक मामले की शिकायत इंगोरिया थाना पुलिस को दर्ज कराई। पुलिस ने बदमाश के खिलाफ धारा 74, 115 (2), 351 (3), 333 का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी दिपेश व्यास ने बताया कि बदमाश की तलाश के लिये एएसआई दिनेश निनामा, प्रधान आरक्षक राजेन्द्रसिंह, सरदारसिंह खरते, आरक्षक दिलीपसिंह राणा की टीम बनाई। बदमाश गांव छोड़कर भाग निकला था, इसी बीच मंगलवार सुबह खबर मिली कि बदमाश अपने घर की ओर आ रहा है। पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की और गिफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार बदमाश धर्मेन्द्र के खिलाफ पूर्व में पांच अपराधिक मामले दर्ज है। युवती के साथ हुई छेड़छाड़ मामले में बदमाश से चाकू बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
तराना तहसील के ग्राम कनासिया में पवन चक्की सिक्युरिटी इंचार्ज नितीश पिता सुभाषसिंह तोमर निवासी सिद्धार्थ नगर शाजापुर के साथ जीवन गुर्जर निवासी बगोदा और इंदर गुर्जर निवासी ग्राम छापरी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर 4 फरवरी की रात रंगदारी करते हुए 50 लाख की मांग की। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिक्युरिटी इंचार्ज से मारपीट की और उनकी अनुमति बिना सिक्युरिटी का ठेका लेने पर धमकाया। सुभाषसिंह तोमर ने मामले की शिकयत आवेदन के माध्यम से तराना पुलिस को की। पुलिस ने जांच के पांच दिन बाद मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 119 (1), 296 बी, 115 (2), 351 (3), 3 (5) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया के अनुसार दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पूर्व में अपराधिक मामले दर्ज है। सिक्युरिटी इंचार्ज से रंगदारी करने के मामले में दोनों की तलाश की जा रही है। जिनकी गिरफ्तारी होने पर उसके साथियों के नाम सामने आ पायेगें।
गिरफ्त में चाकू की नोंक पर युवती से छेड़छाड़ करने वाला,रंगदारी कर मांगे 50 लाख