शाजापुर। जिले की सियासी फिजाओं में कांग्रेस ने नई गर्मी पैदा कर दी। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय सोमवार को सिर्फ एक बैठक का गवाह नहीं बना, बल्कि संगठन को फौलादी बनाने के संकल्प का केंद्र बन गया। मौका था कांग्रेस जिला समन्वय समिति की हाई-वोल्टेज बैठक का, जहां राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त और जिला प्रभारी निर्मल मेहता ने कार्यकतार्ओं की नब्ज टटोली और संगठन को धारदार बनाने का रोडमैप तैयार किया। बैठक में राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हवा हवाई बातों का वक्त गया। अब लड़ाई जमीन पर लड़ी जाएगी। उन्होंने एसआईआर और ग्राम पंचायत कमेटियों के तत्काल गठन का अल्टीमेटम देते हुए साफ किया कि कांग्रेस का झंडा हर घर और हर गांव तक पहुंचाना ही लक्ष्य है। प्रभारी निर्मल मेहता ने भी संगठन के पेंच कसे और पदाधिकारियों को एक सुर में काम करने की नसीहत दी। सदन में कांग्रेस की ए-टीम पूरी ताकत के साथ मौजूद रही। प्रदेश महामंत्री रामवीर सिंह सिकरवार और जिला कप्तान नरेश्वर प्रताप सिंह ने स्थानीय मुद्दों पर हुंकार भरी। बैठक में यह संदेश साफ दिया गया कि सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस अब आर-पार के मूड में है। बैठक में प्रदेश सचिव रचना जैन, राजकुमार कराड़ा, जनपद अध्यक्ष शरद शिवहरे, भोजराज परमार, नरेश कप्तान, कमल चौधरी, आशुतोष शर्मा, इरशाद खान, सीताराम पवैया, अजीज मंसूरी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष जयंत सिकरवार, राजेश पारछे, स्मिता सोलंकी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
संगठन में जान फूंकने उतरे दिग्गज, राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त ने दिया मिशन ग्रास-रूट का मंत्र!