ग्वालियर।ग्वालियर के एक ब्यूटी पार्लर की लापरवाही से साल 2021 में मॉडल प्रज्ञा शुक्ला का चेहरा बिगड़ गया। वे वैक्स कराने के लिए नई सड़क पर कायाकल्प ब्यूटी पार्लर एंड मेकअप स्टूडियो पहुंची थीं। पार्लर के स्टाफ ने केमिकल की ज्यादा मात्रा मिलाकर वैक्स चेहरे पर लगा दिया। हड़बड़ी में कुछ केमिकल चेहरे पर गिर भी गया, जिससे तेज जलन के साथ असहनीय दर्द होने लगा।प्रज्ञा ने ब्यूटी पार्लर की प्रोपराइटर सुनीता सोनी से शिकायत की। उसने मॉडल के चेहरे पर एक लेप लगाया और कहा कि चेहरा जल्द ही पहले जैसा ठीक हो जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। समय के साथ चेहरे पर घाव और स्पॉट्स उभरने लगे। प्रज्ञा करीब एक साल तक स्किन स्पेशलिस्ट से इलाज कराती रही, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरी में डॉक्टरों ने सर्जरी का विकल्प सुझाया।इस दौरान प्रज्ञा के पास कई प्रोजेक्ट्स थे। चेहरा खराब होने से उन पर भी असर पड़ा। हालात ऐसे बने कि मॉडलिंग करियर संकट में आ गया। दूसरी ओर, ब्यूटी पार्लर ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। मजबूर होकर प्रज्ञा ने 22 सितंबर 2023 को जिला उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज कराया। इसकी अंतिम सुनवाई 16 दिसंबर 2025 को पूरी हुई।उपभोक्ता फोरम ने 18 जनवरी 2026 को ब्यूटी पार्लर की प्रोपराइटर सुनीता पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। 2 हजार रुपए कोर्ट खर्च चुकाने का भी आदेश दिया है।
ब्यूटी पार्लर में बिगड़ा मॉडल का चेहरा:वैक्स में मिला दिया ज्यादा केमिकल; उपभोक्ता फोरम ने जुर्माना लगाया