सुसनेर। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई सुसनेर द्वारा 12 जनवरी को विवेकानंद संदेश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं चरित्र निर्माण के भाव जागृत करना रहा। इसमें नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर में निकली इस भव्य संदेश यात्रा में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई, रानी अबक्का, रानी दुर्गावती, भगत सिंह सहित अनेक महापुरुषों के वेश धारण कर राष्ट्र निर्माण के आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। यात्रा के दौरान उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत, युवाशक्ति से राष्ट्रशक्ति और राष्ट्र प्रथम जैसे नारों से नगर का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांत रऋर संयोजक तिलक जोशी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं को आत्मनिर्भर, चरित्रवान और राष्ट्रनिष्ठ बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से समाज व राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एबीवीपी के पूर्व जिला संयोजक अभिजीत बजाज, नगर अध्यक्ष प्रतीक राठौर एवं नगर मंत्री चेतन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने युवाओं की भूमिका, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन जिला रऋर टोली सदस्य हनु सोनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर मंत्री चेतन शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला संयोजक हुसैन दरबार, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गोविंद पाटीदार, उमा सिसोदिया सहित अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के भाव को सशक्त करने वाला सिद्ध हुआ।
विद्यार्थियों ने लिया प्रेरणा का संकल्प
स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय में राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति तथा युवा शक्ति के महत्व को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम की शुरूआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रेरणादायी भाषण, विचार अभिव्यक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, उनके संघर्ष और देशभक्ति से ओत-प्रोत विचारों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए.के. पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि युवा यदि अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तो वे न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मनिर्भर बनने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
कानड़
नगर के नेताजी सुभाष पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार वरिष्ठ शिक्षक दीपक बोस व अर्जुन झलाया के मार्गदर्शन में किया गया। इससे पूर्व प्राचार्य कृष्णचंद्र शर्मा व प्रधानाध्यापक राधेश्याम बरेठा ने स्वामी विवेकानंद व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। प्राचार्य द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शो पर चलने की बात कही।इस अवसर पर प्रगणेश दुबे, राजेश बीजापारी, दीपक सेन, मनीष विश्वकर्मा, गौरव चावड़ा, विशाल बरेठा, दीपा दुबे व बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
विवेकानंद संदेश यात्रा में महापुरुषों के वेश में उतरे विद्यार्थी