रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, भागने की कोशिश में आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर

पुलिस ने पैर में गोली मारी, अस्पताल में भर्ती, आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था

ब्रह्मास्त्र भोपाल/रायसेन

मध्य प्रदेश के औबेदुल्लागंज में गुरुवार रात पुलिस ने रेप के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार रात भोपाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जब उसे गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई। खरपुसे ने बताया, रात करीब 3-4 बजे के बीच आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उसने एसआई श्यामराज सिंह की बंदूक छीनकर फायर करने और भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की और पैर पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। दरअसल आरोपी सलमान ने 21 नवंबर को रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया था और तभी से फरार चल रहा था। इस दौरान क्षेत्रवासी लगातार उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment