85 की कोलड्रिंक, 100 की वसूली: विवाद के बाद अतिरिक्त वसूले 15 रुपये वापस दिए।

इंदौर। शहर में एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला एक कोल्डड्रिंक की बोतल को लेकर सामने आया, जहां 85 रुपये की एमआरपी वाली बोतल के बदले दुकानदार ने ग्राहक से 100 रुपये वसूल लिए। जब ग्राहक ने बोतल पर अंकित एमआरपी दिखाकर अतिरिक्त 15 रुपये वापस मांगे, तो पहले दुकानदार टालमटोल करता रहा। काफी देर तक बहस होने और पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद आखिरकार दुकानदार ने 15 रुपये ग्राहक को लौटा दिए।वीडियो में ग्राहक लगातार दुकानदार से पूछता नजर आ रहा है कि जब बोतल पर साफ तौर पर 85 रुपये एमआरपी लिखी है, तो 100 रुपये क्यों लिए गए। शुरुआत में दुकानदार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, लेकिन विवाद बढ़ता देख उसने अतिरिक्त वसूले गए 15 रुपये वापस कर दिए। इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों पर सवाल खड़े हो गए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई दुकानों पर कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल, आइसक्रीम और अन्य पैक्ड सामान निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। अधिकांश ग्राहक जल्दबाजी या जानकारी के अभाव में ज्यादा रकम देकर चले जाते हैं, जबकि कुछ ही लोग इसका विरोध कर पाते हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment