पुणे।पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हत्या के आरोपी पर धारदार हथियारों से हमला हुआ। उसके दोनों हाथ कट गए। हमलावरों ने गोली भी चलाई।पीड़ित की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दो लोग मंदार पर बार-बार कुल्हाड़ी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद 6 हमलावर दो स्कूटर से फरार हो गए।वहीं खून से लथपथ मंदार उठा और लड़खड़ाते हुए सड़क पार करने लगा। इसके बाद वह फुटपाथ पर गिर पड़ा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस को मौके से दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली हैं।
चार दिन पहले ही जेल से छूटा था मंदार-मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी।इस मामले में मंदार को जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया।