उज्जैन। नशा करने वालों को ड्रग्स बेचने आटो से निकले 2 युवकों को पुलिस ने गुरूवार को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 57 लाख से अधिक कीमत की एमडी बरामद की गई है। दोनों से पूछताछ जारी है। आज दोपहर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि खबर मिली थी कि आटो क्रमांक एमपी 13 आर 5205 से 2 युवक नशा करने वालों को ड्रग्स बेचने के लिये निकले है। दोनों सावराखेड़ी पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास खड़े है। मामला अवैध मादक पदार्थ का होने पर एसआई यादवेन्द्र परिहार की टीम को रवाना किया गया। पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास उक्त नम्बर का आटो खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी की और उसमें सवार 2 युवकों को कस्टडी में लिया। पूछताछ करने पर उनके नाम शादाब पिता शेरू खान 29 साल और दाऊद पिता हमीद खान 22 साल निवासी बेगमपुरा थाना महाकाल सामने आये। दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से प्लास्टिक की थैली में रखा भूरे रंग का मादक पदार्थ मिला। जानकारी लेने पर दोनों ने एमडी ड्रग्स बताया। दोनों को थाने लाया गया और आटो जप्त किया गया। उनके बरामद एमडी ड्रग्स 112.35 ग्राम थी। आटो ढाई लाख और ड्रग्स की कीमत 57.50 लाख रूपये पाई गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार दोपहर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा। फिलहाल दोनों से ड्रग्स उपलब्ध कराने की जानकारी मिली है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
पिता की आटो लेकर निकला था शादाब
बताया जा रहा है कि जिस आटो से दोनों एमडी ड्रग्स बेचने निकले थे, वह शादाब के पिता की होना सामने आई है। शादाब और दाऊद मजदूरी करते है। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों के अपराधिक रिकार्ड का पता लगाया जा रहा है। यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि दोनों कब से मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े है। उनके साथ अवैध काम में कौन-कौन शामिल है। फिलहाल दोनों दोस्त होना सामने आये है।
नशे से युवाओं को बचाने का प्रयास
एसपी प्रदीप शर्मा द्वारा जिले में मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की धरपकड़ का अभियान चलाकर युवाओं को नशे से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। सबसे अधिक युवा वर्ग मादक पदार्थ के नशे की लत से प्रभावित होना सामने आ रहे है। पिछले 6 माह में एसपी के निर्देश में जिले की पुलिस कई लोगों को एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा, गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है। यही नहीं एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का बड़ा खुलासा भी किया जा चुका है।