देवास।कन्नौद के गणेश चौक स्थित मदारछल्ला क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे मकान में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान और उसमें रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
गश्ती दल ने लोगों को घरों से बाहर निकाला-जानकारी के अनुसार, गणेश चौक स्थित दुबे परिवार के मकान से देर रात अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस पेट्रोलिंग मोबाइल और गश्ती दल की नजर आग पर पड़ी।आरक्षक अजय और एनसीसी जवान रोहित ने तत्काल फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। उन्होंने आसपास के घरों में सो रहे लोगों को जगाकर सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने के शुरुआती प्रयास किए।