सनावद। किसानों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ 15 सितंबर को सनावद में किसान आक्रोश रैली एवं आंदोलन करेगा। सुबह 11 बजे कृषि उपज मंडी में होने वाले इस आंदोलन में तहसील क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में जुटकर अपनी मांगों को प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाएंगे।
भारतीय किसान संघ ने बताया कि संगठन पिछले 49 वर्षों से किसानों के जनजागरण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है। इसी क्रम में आयोजित रैली में किसानों से अपने गांव और क्षेत्र की समस्याओं को लिखित रूप में दो प्रतियों में लेकर आने की अपील की गई है, ताकि संबंधित अधिकारियों के सामने समस्याएं रखकर उनके निराकरण की कार्रवाई कराई जा सके।किसान संघ की प्रमुख मांगों में 1 अक्टूबर से सीसीआई द्वारा कपास खरीदी शुरू करना, कृषि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करना, मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना दोबारा शुरू करना, सिंचाई के लिए दिन में लगातार 12 घंटे बिजली देना और क्षतिग्रस्त नहरों की तत्काल मरम्मत एवं सफाई शामिल हैं।इसके अलावा सोलर पंप योजना का शीघ्र क्रियान्वयन, ऋणग्रस्त किसानों को ऋणमुक्त करना, रासायनिक खाद की वितरण व्यवस्था सरल करना, टॉवर लाइन के लिए अधिग्रहित जमीन का गाइडलाइन के अनुसार चार गुना मुआवजा देना तथा मक्का, सोयाबीन और तुअर सहित अन्य फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की गई है।किसान संघ ने यह भी मांग रखी है कि किसान की सहमति के बिना कृषि भूमि पर बिजली के खंभे एवं तार नहीं लगाए जाएं।