हीरामिल की चाल में हुई घटना, 2 फरार आरोपियों की तलाश दादी के घर में छुपा था गोली मारने वाला बदमाश


उज्जैन। हीरामिल की चाल में सोमवार-मंगलवार रात 3 बदमाशों ने पुरानी रंजीश में एक युवक को गोली मार दी थी। घटनाक्रम के कुछ घंटों बाद गोली मारने वाले बदमाश को उसकी दादी के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेशकर 2 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। उसके 2 साथी फरार है, जिसमें कुख्यात बदमाश अनमोल गुर्जर शामिल है।
विष्णुपुरा में रहने वाला लव पिता चंद्रकांत निर्मल रात 12.30 बजे के लगभग 2 दोस्त ध्रुव और देव के साथ हीरामिल की चाल स्थित ब्रिज के नीचे खड़ी बाइक लेने पहुंचा था। उसी दौरान बाइक से आये 3 बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। 2 गोली चलाई गई, जो लव निर्मल के पैर में लगी, बदमाश हमला करने के बाद भाग निकले। घायल लव को दोस्त धु्रव और देव कार से चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। गोली चलने की खबर मिलते ही देवासगेट थाना प्रभारी अनिला पाराशर, एसआई राधेश्याम आवलिया अस्पताल पहुंचे। घायल से पूछताछ में पता चला कि गोली मारने वाला जय उर्फ बच्चा है। उसके साथ अनमोल गुर्जर और एक अन्य भी था। घायल के बयान दर्ज कर थाना प्रभारी ने हमला करने वालों की तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह जय उर्फ बच्चा पिता मंगल चौहान 18 साल निवासी शांतिनगर हाल मुकाम हीरामिल की चाल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अनमोल गुर्जर और एक अन्य के साथ मिलकर गोली मारना कबूल कर लिया। मंगलवार दोपहर पुलिस ने गिरफ्त में आये गोली मारने वाले बदमाश जय चौहान का जुलूस निकाला और कोर्ट में पेश किया। एसआई राधेश्याम आवलिया ने बताया कि आरोपी को 2 दिनों की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। जिस कट्टे से गोली चलाई गई थी, वह अनमोल गुर्जर लेकर भाग है। उसके गिरफ्त में आने पर तीसरे साथी का नाम पता सामने आ पायेगा। गिरफ्त में आये जय उर्फ बच्चा के खिलाफ पूर्व में भी 6 अपराध दर्ज है।
दोस्त की बारात से लौटा था घायल लव
घायल लव ने बताया कि वह राज रॉयल कालोनी में रहने वाले धु्रव और देव के साथ दोस्त रोहित की बारात में शामिल होने ग्राम करोहन कार से गया था। उसने बाइक हीरामिल ब्रिज के नीचे खड़ी की थी। रात में वापस लौटकर बाइक लेने पहुंचा था, उसी दौरान गोली मारी गई है। वह ड्रायवरी करता है। सालभर पहले विशाल सांडिया से विवार हुआ था, जो अनमोल गुर्जर का साथी है।
गोली मारने के बाद हीरामिल में छुपा था बच्चा
थाना प्रभारी अनिला पाराशर ने बताया कि जय उर्फ बच्चा मूलरूप से शांतिनगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पिता के साथ नहीं रहता है। उसकी दादी हीरामिल की चाल में रहती है, अधिकांश समय बच्चा दादी के घर पर ही रहता है। पुलिस ने हीरामिल की चाल में दादी के घर दबिश मारी तो जय उर्फ बच्चा वहीं छुपा था। जिसे हिरासत में लिया गया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment