हिरासत से भागने का प्रयास कर रहा बदमाश हुआ घायल -फरार साथियों का ठिकाना बताने पुलिस के साथ गया था मक्सीरोड

उज्जैन। ढांचा भवन स्थित मकान में हुई आगजनी की घटना में शामिल बदमाश ने मंगलवार रात पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया लेकिन अंधेरे में गिरकर घायल हो गया। बदमाश का पुलिस ने प्राथमिक उपचार कराया गया है।
चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन में रौनक गुर्जर के मकान में 11 अप्रैल की रात 12 से 15 बदमाशों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी और गोलियां चलाई थी। मकान में लगी आग की शिकायत रौनक गुर्जर के पिता मनोहर गुर्जर  द्वारा पुलिस को दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे तो उसमें 5 बाइक से आये बदमाश आगजनी के साथ गोली चलाते दिखाई दिये थे। जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किये गये थे। सोमवार-मंगलवार रात आगजनी में शामिल कमल पिता संतोष परमार 22 साल निवासी निजातपुरा को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने आगजनी में अपने साथी यशवेन्द्र उर्फ छिंगू बुंदेला, किशोर पटेल, मोहित पटेल, अमन उर्फ बच्चा, बबलू ठाकुर, ओम उर्फ बच्चा, चिनू मराठा, निखिलेश उर्फ निक्कू मराठा,  राहुल उर्फ भय्यू गोहर, निक्कू गोहर, आशुतोष उर्फ आशु, राहुल उर्फ सूर्या सूर्यवंशी के नाम बताये। चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने उसके फरार साथियों के संबंध में पूछताछ शुरू की। कमल ने बताया कि रात में साथियों का ठिकाना मक्सीरोड श्री सिंथेटिक्स के जंगल में होता है। थाना प्रभारी कनोड़िया, एसआई जयदीप राठौर, आरक्षक आनंद मिश्रा, संदीप, जगदीश के साथ उसे लेकर साथियों की तलाश में मंगलवार रात श्री सिंथेटिक्स के जंगल पहुंचे, जहां अंधेरे का फायदा उठाकर कमल ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। लेकिन खंडहर हो चुकी श्री सिंथेटिक्स के मार्ग पर पत्थरों से टकराने के बाद बदमाश कमल गिर गया और उसके पैर में चोंट लगी। पुलिस ने उसे तत्काल दबोच लिया और कस्टडी में लेकर रात 11 बजे चरक अस्पताल आई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वापस थाने ले जाया गया।
इनका कहना
बदमाश साथियों का ठिकाना बताने के बहाने लेकर पहुंचा था, जहां भागने का प्रयास करते समय गिरकर घायल हुआ है। उसके साथियों के नाम सामने आ चुके है। पुलिस की एक टीम गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
विवेक कनोड़िया, थाना प्रभारी चिमनगंज

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment