उज्जैन। ससुराल में रहकर मजदूरी करने वाले युवक ने रविवार शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने लगी तो पत्नी से बोला कि जहर खा लिया है। पत्नी परिवार की मदद से अस्पताल लेकर पहुंची। जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद युवक की मौत हो गई।
गौतमपुरा का रहने वाला गोविंद पिता सुखराम दायमा 32 साल एक माह पहले अपने ससुराल ग्राम दंगवाड़ा इंगोरिया आ गया था। यहां रहकर उसने मजदूरी का काम शुरू किया था। रविवार शाम उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद पत्नी मंजू को बोला कि जहर खा लिया है। पति की बिगड़ती हालत देख पत्नी उसे परिवार की मदद से उज्जैन चरक अस्पताल लेकर आई। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर गहन चिकित्सा ईकाई में भर्ती किया। लेकिन कुछ घंटे बाद गोविंद की मौत हो गई। सोमवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान जीजा भैरूलाल ने बताया कि गोविंद 2 बच्चों का पिता था। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया समझ नहीं आ रहा है। घर परिवार में किसी प्रकार की कोई समस्या भी नहीं थी। ना गोविंद ने कभी किसी प्रकार परेशानी का जिक्र किया। चौकी पुलिस के अनुसार मामले की जांच इंगोरिया थाना पुलिस द्वारा की जायेगी।
हालत बिगड़ी तो पत्नी से बोला खा लिया जहरीला पदार्थ -उपचार के दौरान 2 बच्चों के पिता की हुई मौत