स्वच्छता अभियान में महापौर का निरीक्षण, वार्डों में सफाई पर सख्ती चार वार्डों में चला विशेष अभियान, बंगाली कॉलोनी में दो दिन में सुधार के निर्देश, सफाई मित्रों का सम्मान

उज्जैन में “स्वच्छता में शक्ति, उज्जैन की भक्ति” विशेष सफाई अभियान के तहत बुधवार को महापौर मुकेश टटवाल ने सुबह 7 से 9 बजे तक विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य, पीएचई, उद्यान, प्रकाश व्यवस्था और आईईसी टीम ने मिलकर सफाई, उद्यानों की देखरेख, पानी के लीकेज सुधार और गंदे पानी की शिकायतों का निराकरण किया।
अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 28 (दूध तलाई, दौलतगंज, घी मंडी), वार्ड 46 (बंगाली कॉलोनी) और वार्ड 39 (किशनपुरा बालाजी मंदिर क्षेत्र) में विशेष सफाई की गई। दूध तलाई में फूल मंडी के व्यापारियों द्वारा सड़क पर फूल फेंकने पर नाराजगी जताते हुए निर्माल्य वाहन से कचरा संग्रहण के निर्देश दिए गए
बंगाली कॉलोनी में गंदगी और अतिक्रमण मिलने पर तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए दो दिन का विशेष अभियान चलाने और पुनः निरीक्षण की चेतावनी दी गई। सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही गई। किशनपुरा बालाजी मंदिर परिसर में महापौर ने स्वयं पोछा लगाकर सफाई का संदेश दिया और सफाई मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य सत्यनारायण चौहान, एमआईसी सदस्य  शिवेंद्र तिवारी, कैलाश प्रजापत,  जितेंद्र कुवाल, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास, जोनल अधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव, जितेंद्र पाल सिंह जादौन एवं आईईसी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment