उज्जैन। उधार लिये रूपयों से अधिक लौटाने के बाद भी सूदखोर पैसे देने का दबाव बना रहे थे। ग्रामीण ने परेशान होकर जहर खा लिया था। 2 दिन बाद शनिवार को ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
नरवर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खजूरिया रेहवारी में रहने वाले घनश्याम पिता भागीरथ 50 साल ने 2 दिन पहले ग्राम कडछा में जहर खा लिया था। हालत बिगड़ती देख गांववालों ने परिजनों को सूचना दी थी। पुत्र सोनू पिता को उपचार के लिये निजी अस्पताल लेकर पहुंचा था। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात घनश्याम की मौत हो गई। सूचना मिलने पर माधवनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान पुत्र ने बताया कि ग्राम लखमनखेड़ी में रहने वाले 2 लोगों से पिता ने कर्ज लिया था। पिता 2 लाख के बदले 3 लाख लौटा चुके थे। उसके बाद भी दोनों रूपये देने का दबाव बना रहे थे। उनकी ओर से पिता को धमकाया जा रहा था। जिसके चलते पिता डिप्रेशन में रहने लगे थे। माधवनगर थाना पुलिस के अनुसार मामला नरवर थाना क्षेत्र का है। मर्ग डायरी जांच के लिये भेजी जायेगी। नरवर पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।
इधर पारिवारिक विवाद में खाया जहर
माधवनगर थाना क्षेत्र के जीरो पाइंट ब्रिज पर छोटी मायापुरी में रहने वाले मुकेश पिता जगदीश ने शुक्रवार शाम जहर खा लिया था। परिजनों को सूचना मिली तो वह अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां कुछ देर बाद मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान सामने आया कि मुकेश ने पारिवारिक विवाद के चलते जहर खाया था। पुलिस के अनुसार फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। बाद में पत्नी-बच्चों के बयान दर्ज किये जायेगें।
दुर्घटना में घायल की हुई मौत
चार दिन पहले इंदौररोड पर सड़क दुर्घटना में इंगोरिया का रहने वाला 18 वर्षीय दीपेश पिता मुकेश बागवान गंभीर घायल हो गया था। नानाखेड़ा पुलिस ने चरक अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजन उपचार के लिये प्रायवेट अस्पताल लेकर गये थे। जहां शनिवार सुबह मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दीपेश फल की दुकान लगाता था। नानाखेड़ा पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से दीपेश की बाईक को टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जायेगा।
सूदखोरों से परेशान ग्रामीण ने जहर खाकर की आत्महत्या