उज्जैन। नवरात्री में महिला-युवतियों की सुरक्षा को लेकर शहरभर की महिला पुलिसकर्मियों की शक्ति स्क्वाड़ का गठन कर दिया गया है। शनिवार शाम शहर के मार्गो पर डायल 112 का सायरन गूंजा, जिसमें महिला पुलिसकर्मी सवार थी। संदेश दिया गया कि महिला-युवतियों से छेड़छाड़ करना अब भारी पड़ सकता है। शक्ति स्क्वाड ऐसा करने वालों को सबक सिखाएगी।
पुलिस कंट्रोलरूम से शाम 6 बजे नवरात्री पर्व के दौरान महिला सुरक्षा और सहायता को लेकर शक्ति स्क्वाड रैली कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर की महिला पुलिसकर्मियों को डायल 112 के साथ दोपहिया वाहनों पर सवार होकर शहर के मार्गो पर निकली। शक्ति स्क्वाड रैली को पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने संबोधित करने के साथ दिशा-निर्देश जारी कर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि नवरात्री में महिला सुरक्षा को लेकर महिला पुलिसकर्मियों की स्क्वाड टीम गठित की गई है, जिसे शक्ति नाम दिया गया है। प्रतिदिन शाम ढलने के बाद स्क्वाड़ एक्शन में आ जायेगी और गरबा स्थलों के आसपास तैनात रहेगी। महिला-युवतियों के साथ होने वाली कमेंट्सबाजी और छेड़छाड़ की घटना पर टीम तुरंत एक्शन लेगी और युवकों को सबक सिखाएगी।
रात 2 बजे तक तैनात रहेगी टीमें
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि गठित की गई शहर के अलग-अगल स्थानों पर आयोजित होने वाले गरबा स्थलों पर रात 2 बजे तक तैनात रहेगी। इस दौरान किसी महिला को किसी भी प्रकार की जरूरत होगी टीम द्वारा सहयोग किया जायेगा। जरूतर पढ़ने पर संबंधित थाना पुलिस का बल भी शक्ति स्क्वाड की मदद के लिये पहुंचेगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले 2 सालों से इस तरह की व्यवस्था की शुरूआत की गई है। पिछले साल मुख्यमंत्री द्वारा भी महिला पुलिसकर्मियों की सराहना की गई थी।
देवी मंदिरों में रहेगी भी रहेगी ड्युटी
धार्मिक नगरी के अतिप्राचीन देवी मंदिरों में भी सुबह-शाम महिला पुलिसकर्मियों की ड्युटी लगाई है। थाना पुलिस के साथ महिला स्तर की अधिकारी मंदिरों में सुरक्षा-व्यवस्था की कमान संभालेगी। मंदिरों के आसपास आवागमन व्यवस्था को बनाये रखने के लिये यातायात पुलिस की टीम को अलर्ट किया गया है। नवरात्री का पर्व शांति, सौहार्द्र और बिना किसी विघ्न के संपंन्न हो इसकी पूरी तैयारी पुलिस प्रशासन द्वारा कर ली गई है।
हिन्दूवादी संगठन भी उतरेगा मैदान में
नवरात्री के दौरान होने वाले गरबों के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और पेड गरबा आयोजनों के साथ फूहडता को रोकने के लिये हिन्दूवादी संगठन भी मैदान में उतरेगा। पूर्व में संगठन के पदाधिकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर मांग कर चुके है कि पेड गरबों का आयोजन रोका जाये। धार्मिक संस्कृति के अनुरूप ही गरबों का आयोजन हो।
नवरात्री में महिला सुरक्षा को लेकर तैनात रहेगी शक्ति स्क्वाड डायल 112 का गूंजा सायरन, सवार थी महिला पुलिसकर्मी