-सुरक्षा के लिए बल अब भी क्षेत्र में तैनात ,निगरानी व्यवस्था जारी : क्षेत्र में आवाजाही शुरू,आज से खुलेंगे बाजार

उज्जैन। सिंहस्थ विकास कार्यों में मार्ग चौड़ीकरण को लेकर गोपाल मंदिर स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाया जा रहा है। 28 सितंबर को यहां उपद्रव की स्थिति बनने के बाद से इस क्षेत्र में सामान्य आवाजाही रोक दी गई थी। रविवार से पूरे क्षेत्र के मार्गों पर आवाजाही सामान्य हो गई है। यहां बेरिकेडिंग खोल दी गई है।सीएसपी कोतवाली संजू चौहान के अनुसार निर्माण कार्य के चलते मात्र मस्जिद के पास के हिस्से में ही बेरिकेडिंग रहेगी। रविवार से ही बाजार खुला है। सोमवार से यहां आसपास का बाजार पूरी तरह से सामान्य रूप से खुलेगा।

उपद्रव के बाद की गई थी बेरिकेडिंग-प्रशासन और शाही मस्जिद कमेटी के समन्वय के बाद मस्जिद का एक हिस्सा समाजजनों द्वारा ही हटाए जाने का काम 28 सितंबर से शुरू किया गया था। समाज के एक पक्ष ने इसका विरोध करते हुए उपद्रव किया था। पुलिस-प्रशासन  पर पथराव कर दिया था । शहर काजी के घर पर तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए हल्का बल प्रयोग करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े थे । इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र भारी पुलिस बल की सुरक्षा में आ गया था। पिछले 6 दिनों से गोपाल मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों को बंद कर दिया गया था।

रविवार सुबह विश्लेषण के बाद खोले मार्ग-रविवार सुबह प्रशासन द्वारा कमरी मार्ग से गोपाल मंदिर के सामने होते हुए पटनी बाजार की ओर जाने वाले मार्ग को खोल दिया है। तेलीवाड़ा से टंकी चौक होते हुए ढाबारोड की ओर जाने वाला मार्ग भी खोला गया है। कंठाल की ओर से खड़े हनुमान मंदिर होते हुए छत्रीचौक की ओर जाने वाला मार्ग ,लखेरवाडी से छत्री चौक सहित आसपास के मार्ग खोले गए हैं। इन मार्गों पर खासी संख्या में व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं।

व्यापार था प्रभावित-पिछले 6 दिनों से शहर के मुख्य क्षेत्र के बाजार में व्यवसायिक गतिविधि अवरोधित थी। इस क्षेत्र में धार्मिक सामग्री की दुकानें हैं। इसके साथ ही सर्राफा बाजार भी इसके नजदीक ही है। कपडों का बाजार भी इसी क्षेत्र में होने से चौतरफा व्यापार प्रभावित हो रहा था। इसके चलते व्यापारियों को बाजार खुलने का इंतजार था। खास यह है कि गोपाल मंदिर के आसपास का बाजार जिले में धार्मिक सामग्रियों के मिलने का प्रमुख केंद्र है। त्यौहारों के दौर में बाजार खुलने की स्थिति सामने आते ही व्यापारियों ने राहत ली है।

अब भी क्षेत्र में बल तैनात,निगरानी जारी-रविवार से भले ही क्षेत्र के 500 मीटर दायरे के मार्गों को खोल दिया गया है इसके बाद भी जिला पुलिस बल के साथ ही विशेष पुलिस बल एवं स्मार्ट सीटी के सीसी टीवी कैमरा से क्षेत्र पर निगरानी जारी रहेगी। स्थानीय थाना पुलिस की सक्रियता भी क्षेत्र में बनी रहेगी। आरएएफ की टुकडी भी क्षेत्र में बनी रहेगी। घटनाक्रम के बाद तैनात बल को कम कर दिया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment