उज्जैन । लैंड पुलिंग मामले पर चोंट खाए हुए भारतीय किसान संघ ने सिंहस्थ क्षेत्र से लैंड पुलिंग कानून निरस्त करने के लिए वादा निभाने के लिए सरकार से कहा है। इसके लिए 7 दिन का समय और दिया गया है अन्यथा प्रदेश व्यापी बडे आंदोलन की चेतावनी दी गई है। आंदोलन के लिए बैठक में सभी प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री व संगठन मंत्री को आंदोलन की तैयारी के लिए प्रांत, जिला, तहसील, ग्राम समिति में बैठके आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की आनलाईन बैठक बुधवार दोपहर को आयोजित हुई थी। बैठक में संघ के अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में हुए निर्णय की जानकारी देते हुए किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने बताया कि हमारी मांग है कि सिंहस्थ क्षेत्र से लैंड पुलिंग कानून सरकार तत्काल निरस्त करने का गजट नोटिफिकेशन सरकार जारी करे, किसानों पर दर्ज मुकदमे वापिस करे, टीडीएस की धारा 8/9/10/11 के गजट नोटिफिकेशन रदद हों, सिंहस्थ क्षेत्र में स्थाई निर्माण न किया जाए। श्री आंजना ने रोष व्यक्त करते हुए आगे कहा कि सात दिन के भीतर यदि सरकार ये मांगे नहीं मानती है तो संघ लैंड पुलिंग कानून के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा। जिसमें प्रदेश भर से हजारों किसान उज्जैन आयेंगे। जिसकी तिथि शीघ्र घोषित होगी। बैठक में सभी प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री व संगठन मंत्री को आंदोलन की तैयारी के लिए प्रांत, जिला, तहसील, ग्राम समिति में बैठके आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
निरस्त की घोषणा के बाद संशोधन की बात क्यों-
श्री आंजना ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने लैंड पुलिंग कानून को निरस्त करने की घोषणा की थी लेकिन आदेश संशोधन का निकाला गया। इस संशोधन आदेश के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों की मंशा क्या है। इसके पीछे सिंहस्थ आयोजन की तैयारी में लगे अधिकारियों के कौन से अपने निजी हित हैं। यह स्पष्ट होना चाहिए।
खाद, एमएसपी, प्याज़, मक्का, बिजली पर भी चर्चा-
प्रदेश बैठक में शामिल हुए प्रांतों के पदाधिकारियों ने खाद की कमी, मक्का की एमएसपी पर खरीदी न किए जाने व प्याज के बाजार में कम दाम, बिजली की रात में सप्लाई, धान के कम खरीदी केंद्र बनाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। किसान संघ ने कहा कि सरकार मक्का व प्याज उत्पादक किसानों को तत्काल प्रति क्विंटल राहत राशि प्रदान कर उनकी मदद करे।
बैठक में ये हुए शामिल-
संघ की ऑनलाइन बैठक में अभा सह संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष रामभरोस वासोतिया , भूमि अधिग्रहण आयाम के प्रमुख व अभा कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद चौधरी, खेलन सहारे, प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर, मध्यभारत प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, महाकौशल प्रांत अध्यक्ष गजराज सिंह, मालवा प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, तीनों प्रांतों के महामंत्री रमेश दांगी, प्रहलाद पटेल, शिवनंदन रघुवंशी, तीनों प्रांतों के संगठन मंत्री तुलाराम, भरत पटेल व अतुल माहेश्वरी सहित प्रदेश कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी आनलाईन शामिल हुए।
