उज्जैन।उज्जैन में सिंहस्थ मेले के लिए आरक्षित भूमि पर बने अवैध मकानों को हटाने के लिए सोमवार को नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम के अमले ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से 20 मकान ध्वस्त कर दिए। हालांकि, कब्जाधारियों की मांग पर उन्हें पहले घरों से सामान निकालने का समय दिया गया।जूना सोमवारिया स्थित मदीना कॉलोनी टंकी के पीछे करीब तीन हेक्टेयर भूमि सिंहस्थ मेले के लिए आरक्षित है। इस जमीन पर वर्षों से लोगों ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिए थे। सिंहस्थ आयोजन की दृष्टि से यह भूमि महत्वपूर्ण मानी जाती है।इससे पहले 18 अक्टूबर 2024 को नगर निगम ने यहां कार्रवाई करते हुए करीब 80 मकान और 10 गोदाम हटाए थे। बाद में कुछ लोगों द्वारा हाईकोर्ट से स्थगन आदेश (स्टे) लेने के कारण कार्रवाई रोक दी गई थी। हाल ही में जोन स्तर पर हुई सुनवाई के बाद शेष अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया।
सिंहस्थ आरक्षित भूमि से हटाया अतिक्रमण मदीना कॉलोनी के पीछे 3 हेक्टेयर जमीन कराई खाली