इंदौर। कोरोना महामारी के दौरान जब लोग संक्रमण के डर से घरों में कैद थे और अस्पतालों में मरीजों की सेवा करना किसी चुनौती से कम नहीं था, तब ESIC अस्पताल के जिन कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी निभाई, आज वही कर्मचारी अपने परिवार का पेट पालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। तीन से चार साल तक अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड बॉय के रूप में सेवाएं देने वाले 50 से अधिक कर्मचारियों को अचानक नौकरी से बाहर किए जाने का मामला अब प्रशासनिक व्यवस्था और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।मंगलवार को प्रभावित कर्मचारी कलेक्टोरेट पहुंचे और हाथों में कटोरा लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का यह प्रदर्शन केवल नौकरी वापस पाने की मांग नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के प्रति नाराजगी भी है, जिसके तहत लंबे समय तक सेवाएं लेने के बाद उन्हें बिना पूर्व सूचना नौकरी से बाहर कर दिया गया।
बहाली के नाम पर 35 हजार रुपए मांगने का आरोप-प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें दोबारा नौकरी पर रखने के लिए कथित तौर पर 35-35 हजार रुपए की मांग की जा रही है। कर्मचारियों के मुताबिक, पहले उन्हें 17 से 18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलता था। अब वेतन बढ़ने के बाद पुराने कर्मचारियों की जगह अधिकारियों के परिचितों और रिश्तेदारों को नौकरी पर रखने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
*सेवा के समय जरूरत, अब संकट में छोड़ दिया-कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के सबसे कठिन दौर में उन्होंने अस्पताल में लगातार सेवाएं दीं। जब आम लोग संक्रमण से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर थे, तब वे मरीजों की देखभाल में जुटे थे। इसके बावजूद अब उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया। प्रभावित कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण-पोषण और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
*तीन बार शिकायत, फिर भी नहीं मिला समाधान-कर्मचारियों का दावा है कि वे इस मामले में तीन बार कलेक्टर और मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में शामिल अक्षय रीगे सहित अन्य कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें पुनः सेवा में रखा जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन कर्मचारियों ने संकट के समय अस्पताल की व्यवस्था संभालने में योगदान दिया, उनकी सेवाएं समाप्त करने का आधार क्या था? क्या उन्हें हटाने से पहले नियमानुसार प्रक्रिया और सूचना का पालन किया गया? बहाली के नाम पर कथित वसूली के आरोपों की जांच कौन करेगा?
प्रशासन और ESIC प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। कर्मचारियों का विरोध अब इस मांग के साथ तेज हो रहा है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि न्याय और रोजगार की सुरक्षा मिले।