उज्जैन। प्रतिमाह पैसे और नौकरी का लालच देकर युवक का खाता खुलवा कर दुरूपयोग करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने राजस्थान के युवकों को सायबर फ्रॉड के लिये खाते बेचना कबूल किया था। पुलिस की टीम खाते खरीदने वालों की तलाश में गई थी, लेकिन खाते खरीदने वाले नहीं मिले। चिमनगंज थाना पुलिस को तिरूपति सॉलिटर कालोनी में रहने वाले वेदांत पाराशर ने 16 नवम्बर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कालोनी में रहने वाले रोहित पिता गोवर्धन पटेल और उसके साथी राहुल पिता विष्णु बैरागी निवासी राज रॉयल कालोनी ने अगस्त माह में 25 हजार रुपए प्रतिमाह देने के साथ नौकरी का लालच देकर उसका सेंट्रल बैंक आॅफ इंडिया, फ्रीगंज शाखा में खाता खुलवाया था और बैंक पासबुक, एटीएम, चैकबुक अपने पास रख लिये थे। उसके द्वारा बैंक स्टेटमेंट प्राप्त किया गया तो हजारों का ट्रांजेक्शन होना सामने आया। उसके खाते का दोनों दुरूपयोग कर रहे थे। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रिमांड अवधि में दोनों ने बताया कि 3 हजार में खाता राजस्थान के युवकों को बेचा है। टीआई अशोक पाटीदार ने खाता खरीदने वालों की तलाश में टीम राजस्थान रवाना की थी। लेकिन गुरूवार को टीम खाली हाथ लौट आई। खाता खरीदने वालों का सुराग नहीं मिल पाया। दोनों से पूछताछ में करीब 50 खाते खोलने की जानकारी मिली है। पुलिस अब सभी खाताधारको का पता लगा रही है और उनके खातों में हुये ट्रांजेक्शन का पता लगा रही है। फिलहाल गिरफ्त में आये राहुल और रोहित का रिमांड खत्म होने पर दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
राजस्थान में नहीं मिले बैंक खाते खरीदने वाले आरोपी