सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से भरोसा डगमगाया, हर चौथी प्रसूता ने छोडा शहर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

 सारंगपुर।मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर करोडों रुपए खर्च करने और सरकारी अस्पतालों में प्रसव के लिए सुविधाएं जुटाने के दावों के बावजूद गर्भवती महिलाओं का भरोसा स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर पूरी तरह कायम नहीं हो पा रहा है। इसकी गवाही स्वास्थ्य विभाग के आंकडे दे रहे हैं। सारंगपुर में पिछले छह महीने में दर्ज 2803 प्रसव में से 746 यानी 26.6 प्रतिशत महिलाओं को प्रसव के लिए जिले से बाहर जाना पडा। यानी हर चार में से एक प्रसूता ने सुरक्षित प्रसव के लिए सारंगपुर के बाहर का रास्ता चुना। 1 अप्रैल से 15 अक्टूबर 2026 तक के आंकडे बताते हैं कि जिले में प्रसव के दौरान महिलाओं को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था के दावों के बीच इतनी बडी संख्या में प्रसूताओं का बाहर जाना स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खडे कर रहा है। आखिर सरकारी अस्पतालों में प्रसव की सुविधाएं होने के बावजूद महिलाओं को दूसरे शहरों का रुख क्यों करना पड रहा है।
सारंगपुर में 26.6 फीसदी प्रसूताएं बाहर गईं, नरसिंहगढ में आंकडा 32.1 फीसदी-ब्लॉकवार आंकडों में सारंगपुर की स्थिति जिले के बडे स्वास्थ्य केंद्रों में होने के बावजूद चिंताजनक नजर आती है। यहां छह महीने में 746 महिलाओं को प्रसव के लिए जिले से बाहर जाना पडा। वहीं नरसिंहगढ में 3561 प्रसव में 32.1 प्रतिशत महिलाओं को बाहर भेजा गया। इसके मुकाबले ब्यावरा में 15.8 प्रतिशत, राजगढ में 8.3 प्रतिशत, जीरापुर में 8 प्रतिशत और खिलचीपुर में महज 4.7 प्रतिशत महिलाओं का प्रसव जिले से बाहर हुआ। इन आंकडों में सारंगपुर और नरसिंहगढ की स्थिति अधिक ध्यान देने वाली है। खास बात यह है कि सारंगपुर में बडी संख्या में प्रसूताओं का बाहर जाना केवल आंकडा नहीं, बल्कि स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन उपचार की उपलब्धता को लेकर गंभीर समीक्षा की जरूरत बताता है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, प्रसव के दौरान जटिलताओं का उपचार और जरूरत पडने पर तत्काल ऑपरेशन की सुविधा कितनी प्रभावी है, यह भी जांच का विषय है।
सरकारी अस्पतालों में महज 52.6 फीसदी प्रसव, निजी और बाहर के अस्पतालों पर निर्भरता-राजगढ जिले में छह महीने के दौरान कुल 15288 प्रसव दर्ज किए गए। इनमें सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में 8048 यानी 52.6 प्रतिशत प्रसव हुए, जबकि निजी अस्पतालों में 2836 प्रसव कराए गए। वहीं 4189 महिलाओं को प्रसव के लिए दूसरे स्थानों पर भेजना पडा, जिनमें 1439 महिलाएं मध्यप्रदेश के बाहर गईं। सरकारी संस्थाओं में प्रसव की हिस्सेदारी आधे के आसपास रहना और बडी संख्या में महिलाओं का दूसरे स्थानों पर जाना स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खडा करता है। विशेषकर सारंगपुर जैसे बडे स्वास्थ्य केंद्र में इस स्थिति को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रसव के समय विशेषज्ञ चिकित्सक, स्त्री रोग विशेषज्ञ, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड और आपातकालीन उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ रेफरल व्यवस्था की भी समीक्षा जरूरी है। क्योंकि गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव के समय दूसरे शहर तक पहुंचना केवल दूरी का मामला नहीं, बल्कि मां और नवजात दोनों की सुरक्षा से जुडा संवेदनशील विषय है।
बोले जिम्मेदार-प्रसूताओं को बेहतर से बेहतर सुविधाए मिले इसके लिए सतत् सफल प्रयास किए जा रहे है। इस मामले में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया जाएगा।
                                                                                                                                                                        डा.जलालउद्दीन शेख, सीएमएचओ, राजगढ़।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment